स्कूल शिक्षा विभाग में 235 करोड़ की सांदीपनि स्कूल भवन के निर्माण की प्रगति धीमी है। अफसरों की कमजोर मॉनीटरिंग के बाद भी निर्धारित समय में निर्माण कार्य पूर्ण नहीं हो सके। हरसूद में भवन हैंडओवर का दावा है। जबकि अभी भी मल्टीपल हाल में फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। खंडवा में जनवरी और छैगांव माखन में मार्च तक एक्सटेंशन दे दिया है। पंधाना-मूंदी में 31 जुलाई तक कार्य पूर्ण कर हैंडओवर करना था। अब नवंबर तक पूर्ण का दावा है। कंस्ट्रक्शन कंपनियां डेडलाइन लाइन पर कार्य पूर्ण नहीं कर सकीं। मप्र भवन विकास निगम लिमिटेड इंदौर ने ठेका कंपनियों को अधूरे कार्य को पूर्ण करने तीन-तीन माह का एक्टेंशन दिया है। इधर, विभाग ने स्कूलों के निर्माण की प्रगति बढ़ाने रिमांइडर भेजा है।
दो साल से निर्माणाधीन स्कूलों का नहीं हो सका निर्माण
जिले में मप्र भवन विकास निगम लिमिटेड इंदौर सांदीपनि स्कूलों का निर्माण करा रही है। मूंदी में स्कूल भवन निर्माण का ठेका भगवानदास अग्रवाल ने लिया है। लागत 37.5 करोड़ रुपए है। 13 अप्रैल 2023 को कार्य प्रारंभ हुआ। कार्य पूर्ण की तिथि 13 जुलाई 2024 थी। जुलाई-25 से तीन माह अधिक बीत गया। विभाग को हैंडओवर नहीं हो सका है। फिनिशिंग कार्य के लिए विभाग ने एक्सटेंशन दिया है। इसी ठेकेदार ने पंधाना में 37 करोड़ 33 लाख रुपए का ठेका लिया है। दोनों को जुलाई में निर्माण पूर्ण करने की डेडलाइन है। दोनों अधूरे हैं। हरसूद ब्लाक में प्रतिभा एसोसिएट ने 31.6 करोड़ रुपए का ठेका लिया है। 9 जनवरी 2023 को कार्य प्रारंभ हुआ। पूर्ण की तिथि 8 अप्रैल 2024 है। भवन अनौपचारिक रूप से हैंडओवर कर दिया है। फाइनल फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। तीनों संस्थाओं को निर्माण पूर्ण करने और फिनिशिंग के लिए एक्सटेंशन दिया है।
खंडवा, बलड़ी, जावर को मार्च तक एक्टेंशन
-सांदीपनि आनंद नगर के भवन का निर्माण पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने नए तहसील भवन के बगल निर्माणाधीन है। इसका ठेका हाइवे इन्फ्रास्ट्रक्चर के पास है। इसकी लागत 32.02 करोड़ रुपए है। 13 मार्च-2024 को निर्माण शुरू हुआ। 22 अगस्त 2025 तक निर्माण कार्य पूर्ण की तिथि निर्धारित है। दो फ्लोर खड़ा हुआ। तीसरा बाकी है। जनवरी-26 तक एक्सटेंशन लिया है। बलडी में ठेका राधेकृष्ण कंस्ट्रक्शन को मिला है। लागत 25.01 करोड़ रुपए है। भवन पूरा करने अगस्त-2025 तक डेडलाइन थी। छैगांव माखन में एनएनटी डेवलपर ने 37.15 करोड़ रुपए लिया है। 27 फरवरी 2025 को कार्य पूर्ण करना है। मार्च-2026 तक एक्सटेंशन बढ़ा दिया है।
बोले–जिम्मेदार
इनका कहना : योगेश बर्मन, प्रबंधक, मप्र भवन विकास निगम लिमिटेड इंदौर…हरसूद का भवन हैंडओवर हो चुका है। मूंदी में अगले माह तक पूर्ण हो जाएगा। खंडवा ब्लाक समेत अन्य ब्लाक में भी निर्माण भी तीन से चार माह के भीतर पूर्ण हो जाएंगे।
इनका कहना : पीएस सोलंकी, जिला शिक्षा अधिकारी ….हरसूद स्कूल का भवन मिल गया है। शेष ब्लाकों में निर्माणाधीन हैं। मप्र भवन विकास निगम लिमिटेड इंदौर कार्य करा रहा है। पंधाना का निर्माण अगले माह तक पूर्ण हो जाएगा। शेष के निर्माण पूर्ण कराने विभाग को पत्र भेजा गया है।