मांधाता पुलिस कंट्रोल रूम में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने मुख्य मंदिर ओंकारेश्वर, ममलेश्वर एवं ओंकारेश्वर बांध की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक ली। बैठक में नगर परिषद ओंकारेश्वर के सीएमओ कृष्णा क्षितिज, एसडीओपी मुंदी मनोहर सिंह गवली, थाना प्रभारी मांधाता निरीक्षक अनोख सिंह सिंदिया, सीआइएसएफ के कंपनी कमांडर निरीक्षक नंदलाल सिते, नायब तहसीलदार उदयसिंह मंडलोई, मुख्य मंदिर ओंकारेश्वर के प्रबंधक अशोक महाजन, सहायक आशीष दीक्षित, दीपक मालाकार, ममलेश्वर मंदिर के ट्रस्टी दुलेसिंह सोलंकी सहित अन्य मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं
उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। मंदिर में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालुओं की जांच परख के पश्चात ही जाने दिया जाएगा। सुरक्षा के मान से घाट एवं पार्किंग व्यवस्था भी दुरुस्त की जाएगी। होटल एवं धर्मशाला में आने वाले लोगों की भी जांच करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही कई दिनों से खड़े संदिग्ध वाहनों की सूचना पुलिस को देने के लिए कहा।
जानकारी नहीं देने वाले पर की जाएगी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि शासन की ओर से प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मॉनिटरिंग पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से की जा रही है। सभी होटल, लाज और धर्मशाला में आवश्यक रूप से सीसीटीवी लगाने के लिए कहा है। साथ ही रुकने वाले व्यक्तियों की जानकारी थाने में आवश्यक रूप से देनी होगी, अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।