9 मार्च 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा

85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ गैंगरेप के मामले में एसआइटी को सौंपी जांच

85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ गैंगरेप करने के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया है। इधर इस मामले में एसआइटी का गठन किया गया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया है। पुलिस अधीक्षक ने फरार आरोपियों पर दस हजार रुपए इनाम की घोषणा भी की है।

Google source verification

शनिवार को पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय नर्मदानगर थाना क्षेत्र में पीडि़ता के गांव पहुंचे। यहां गांव से बाहर पीडि़ता के कच्चे मकान और आसपास की जगह का जायजा लिया। वहां घटना से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले हैं, जिससे जांच की सुई वहीं रहने वाले कुछ संदिग्धों पर आकर टिक गई है। कुछ संदिग्धों को थाने में बैठाकर पूछताछ भी शुरू कर दी है। इसके साथ ही पुलिस धुलेंडी के बाद से गांव से बाहर गए लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

धुलंडी की शाम हुई हैवानियत, बेटी के आने पर थाने पहुंची पीडि़ता

4 फरवरी को धुलंडी पर चार अज्ञात लोग गांव से बाहर बनी महिला के कच्चे मकान में गए थे। यहां आरोपियों ने महिला के साथ गैंगरेप किया। इस दौरान आरोपियों ने महिला को पीटा भी। इसके बाद वे उसे कुएं के पास पटककर भाग गए। आरोपियों को लगा की बुजुर्ग की मौत हो गई है। अगले दिन 5 फरवरी को ग्रामीणों ने सुबह बुजुर्ग को कुएं के पास पड़ा हुआ देखा था। शरीर पर चोट के निशान होने से उन्होंने पास के गांव में रहने वाली बेटी को सूचना दी। 6 फरवरी को बेटी के आने पर बुजुर्ग ने उसके साथ हुई घटना बताई। इसके बाद शाम में बेटी के साथ पीडि़ता नर्मदानगर थाने पहुंची। इसके बाद पुलिस ने देर रात करीब 11 बजे अज्ञात चार बदमाशों पर प्रकरण दर्ज किया।

तीन बेटों की मौत, एक बेटा मुंबई में

बुजुर्ग महिला के चार बेटे और बेटी हैं। बताया जाता है कि एक बेटा है जो मुंबई में मल्टीनेशनल कंपनी में जॉब करता है। वहीं बेटी की शादी पास के ही एक गांव में हुई है। गांव के बाहर खेत में महिला अपने कच्चे मकान में अकेली रहती है। मकान के पास ही बाड़ा बना हुआ है जहां उसने पशु पाल रखे रहें। खेत व पशुओं की देखरेख करती थी।

महिला आरक्षक को किया निलंबित

गैंगरेप पीडि़ता बुजुर्ग महिला का मेडिकल कराने के बाद देर रात जिला अस्पताल रेफर किया गया था। महिला के साथ नर्मदानगर पुलिस थाने में पदस्थ महिला आरक्षक रीना मंडलोई की ड्यूटी लगाई गई थी। आरक्षक रीना ने मामले को गंभीरता से न लेते हुए बुजुर्ग महिला को भर्ती न कराते हुए बाहर से ही छोड़कर चली गई। जिसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक राय को लगी। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही और घटना के प्रति असंवेदनशीलता सामने आने पर आरक्षक रीना को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया।

इंफेक्शन अधिक ठीक होने में लगेगा समय

सर्जन डॉक्टर सूरज जैन का कहना है कि महिला के स्वास्थ्य में सुधार है। लोकल इंजुरी है, साथ ही प्राइवेट पार्ट में इंफेक्शन अधिक हैं, जिसे ठीक होने में समय लगेगा। अब महिला की हालत ठीक है।

एसआइटी बनाकर जांच सौपी, शीघ्र गिरफ्तार होंगे आरोपी

इस मामले में पुलिस अधीक्षक राय ने बताया कि एसआइटी का गठन किया है। जिसमें ग्रामीण एएसपी राजेश रघुवंशी प्रभारी हैं। इसमें तीन अलग-अलग टीमें अज्ञात आरोपियों की तलाश में निकली हैं। आरोपियों पर दस हजार रुपए का इनाम भी रखा है। टीमें लगातार काम कर रही है, शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। मौके पर जांच के दौरान कुछ सुराग मिले हैं। जिसके आधार पर गांव में रहने वाले कुछ लोगों को संदिग्ध मानकर पूछताछ की जा रही है।