17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा
तीन पुलिया ओवर ब्रिज… एक तरफ जगह के लिए अतिक्रमण साफ, दूसरी तरफ सरकारी जमीन के लिए जद्दोजहद
Play video

तीन पुलिया ओवर ब्रिज… एक तरफ जगह के लिए अतिक्रमण साफ, दूसरी तरफ सरकारी जमीन के लिए जद्दोजहद

-अंतिम चरण में पुल का काम, अब तक नहीं मिली पुलिस विभाग से जमीन -सिविल लाइन सर्विस रोड के अभाव में डेढ़ किमी का लंबा फेरा लगाना होगा

Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Feb 27, 2026

तीन पुलिया ओवर ब्रिज का काम अब अंतिम चरण तक पहुंच गया है। यहां पुल की तीनों भुजाओं को जोडऩे की तैयारी की जा रही है। तीन पुलिया साइड में पुल के अप्रोच के लिए अतिक्रमण तक हटाया गया है। वहीं, सिविल लाइन सर्विस रोड के लिए सरकारी जमीन के लिए अब भी जद्दोजहद चल रही है। पुलिस लाइन की दो सौ मीटर जमीन की अनुमति अब तक सेतू निगम को नहीं मिली है।

तीन पुलिया ओवर ब्रिज के तीन पुलिया साइड की ओर रेलवे की जमीन से लगे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद गुरुवार को सेतू निगम अधिकारियों ने यहां पुल की अप्रोच के लिए मेजरमेंट किया। यहां पुल की अप्रोच डिवाइडर तक बनाई जानी है। इसके लिए अभी चार दुकानों को तोड़ा जाना भी बाकी है। अप्रोच रोड के लिए पुल की रिटर्निंग वॉल भी तोडकऱ आगे बढ़ाई जाएगी। मेजरमेंट के लिए पहुंचे सेतू निगम अधिकारियों द्वारा यहां मलबा हटाने का भी इंतजार किया जा रहा है। जिसके बाद पुल के अप्रोच रोड की दिशा तय की जाएगी।

टैगोर पार्क से इंदिरा चौक होकर जाना होगा
इधर सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस पेट्रोल पंप से सर्किट हाउस चौराहा तक सर्विस लाइन का काम अब तक अधूरा पड़ा हुआ है। खंडवा पुलिस अधीक्षक द्वारा एनओसी दिए जाने के बाद मामला पीएचक्यू में अटका हुआ है। सर्विस रोड के लिए जगह नहीं मिलने से पुल आरंभ होने के बाद सिविल लाइन की ओर से आने वाले वाहनों को गणेश तलाई की ओर जाने के लिए लंबा चक्कर काटना पड़ेगा। यहां टैगोर पार्क से होकर इंदिरा चौक, सूरजकुंड रोड होते हुए ही गणेश तलाई की ओर जा सकेंगे। जिसके लिए करीब डेढ़ से दो किमी अधिक का फेरा वाहनों को पड़ेगा। सर्विस रोड बन जाने से महज दो सौ मीटर का ही सफर करना पड़ेगा।

अप्रैल तक पियर केप डल जाएंगे
तीन पुलिया ओवर ब्रिज के रेलवे साइट का काम भी तेजी से चल रहा है। यहां साउथ सेंट्रल लाइन पर दो पियर में से एक पर पियर केप डाल दिया गया है और दूसरे को डालने की तैयारी है। इसके बाद स्टील के स्ट्रक्चर को असेंबल कर इसके उपर जोड़ा जाएगा। वहीं, सेंट्रल रेलवे के तीन पियर की बोरिंग काम भी किया जा रहा है। सेंट्रल रेलवे के पियर खड़े होने के बाद यहां स्पॉन के लिए रेलवे से ब्लॉक भी लिए जाएंगे। विभाग के अनुसार अक्टूबर अंत तक पुल को आरंभ करने की तैयारी है।

अनुमति नहीं मिली है
तीन पुलिया अप्रोच रोड का काम जल्द ही पूरा हो जाएगा। रेलवे साइट का काम भी चल रहा है। पुलिस लाइन सर्विस रोड के लिए अब तक अनुमति नहीं मिली है। जैसे ही अनुमति मिलेगी, तुरंत ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
विनोद बरकने, एसडीओ सेतू निगम