9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा

video- मुख्य बाजार में अग्नि हादसा, जलकर खाक हुआ नया शो-रूम

-देखते ही देखते भड़की आग, बाजार में मचा हड़कंप, पहुंची दमकल-गणगौर विसर्जन का निकल रहा था जुलूस, नहीं हुई कोई जनहानि-आग बुझाने के दौरान नहीं रोका ट्रैफिक, निकलते रहे गणगौर रथ

Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Mar 27, 2023

खंडवा.
शहर के मुख्य बांबे बाजार में रविवार शाम अग्नि हादसे से तीन मंजिला शो-रूम जलकर खाक हो गया। देखते ही देखते आग भड़की और विकराल रूप ले लिया। घटना के समय बाजार में गणगौर विसर्जन के लिए रथ लेकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु निकल रहे थे। अग्नि हादसे के बाद बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना पर दमकल पहुंची और करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग से कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। आग लगने के कारण अज्ञात है।
बांबे बाजार में शाम 6 बजे करीब गणगौर विसर्जन के जुलूस निकल रहे थे। इस दौरान बीच बाजार में रिद्धि सिद्धि गारमेंट के शो-रूम की तीसरी मंजिल पर लोगों ने धुआं निकलते देखा। इसके बाद लोगों ने चिल्लाना शुरू किया। पड़ोस के दुकानदार ने शो-रूम मालिक को सूचना दी। इतनी देर में आग ने भीषण रूप ले लिया। शो-रूम के प्लास्टिक के पैनल बोर्ड जलते हुए नीचे गिरने लगे। देखते ही देखते आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने तुरंत अपनी-अपनी दुकानें बंद करना शुरू किया। वहीं, शो-रूम के नीचे पार्किंग में रखी मोटरसाइकिल भी हटाई। इस दौरान एक स्कूटर की सीट में भी आग लग गई।
नहीं खुल पाई सीड़ी, रस्सी से खींचा पाइप
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल वाहन तुरंत यहां पहुंचा। सीएसपी पूनमचंद्र यादव, कोतवाली टीआइ बलरामसिंह राठौर सहित पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा। आसपास की बिल्डिंग खाली कराई गई। दमकल वाहन ने पाइप लगाकर पानी फेंकना शुरू किया। तीसरी मंजिल पर पे्रेशर से पानी नहीं पहुंच पा रहा था। दमकल कर्मियों ने सीड़ी खोलने की कोशिश की, लेकिन आग बुझने तक सीड़ी नहीं खुल पाई। पुलिस और लोगों ने पड़ोस की बिल्डिंग से रस्सी फेंक पाइप ऊपर खींचा, जिसके बाद शो-रूम में लगी आग को बुझाया गया।
नया शो-रूम बना था, होने वाला था शुभारंभ
बताया जा रहा है दुकानदार द्वारा तीन मंजिला नया शो-रूम बनाया जा रहा है। यहां फर्नीचर का काम लगभग पूरा हो चुका था। अगले कुछ दिनों में शो-रूम का शुभारंभ होने वाला था। शो-रूम संचालक चुन्नीलाल मोटवानी के अनुसार तीसरी मंजिल का पूरा फर्नीचर खाक हो गया है। नीचे की मंजिलों में कितना नुकसान है, देखना पड़ेगा। आग की सूचना पर पांच मिनट में पहुंचे थे, लेकिन सबकुछ जल चुका था। आग लगने के कारण की उन्हें जानकारी नहीं है।
आग पर काबू पाया, आसपास थे लकड़ी के मकान
दमकलकर्मियों द्वारा समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो बड़ी दुर्घटना का भी अंदेशा था। शो-रूम की दीवार से लगे आसपास के दोनों मकान पुराने है और अंदर लकड़ी लगी हुई है। आग यदि भड़ककर पड़ोस में पहुंचती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। वहीं, इन मकानों के नीचे अधिकतर कपड़े की दुकानें ही थी। आग पर काबू पाते ही लोगों ने राहत की सांस ली।
शार्ट सर्किट की आशंका
दुकानदार ने किसी प्रकार की शंका नहीं जताई है। संभवत: आग शार्ट सर्किट से लगी होगी। आग पर काबू पा लिया गया है। मामले में जांच की जाएगी।
पूनमचंद्र यादव, सीएसपी