
जिन अधिकारियां से संबंधित सीएम हेल्प लाइन की नॉट अटैंड शिकायतें प्रदर्शित हो रही है, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जाए। सीएम हेल्पलाइन में जिन विभागों के अधिकारियों की ग्रेड-ए नहीं होगी तथा प्रदेश में रैंक 10 से नीचे होगी, उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। यह बात सोमवार को कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सीएम हेल्प लाइन की समीक्षा के दौरान नाराजगी जताते हुए कही।
अधिकारी करें शिविरों की मॉनिटरिंग
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिले के सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में आयोजित शिविरों में प्राप्त होने वाले आवेदनों का निराकरण शीघ्रता से कराएं। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे इस अभियान के तहत आयोजित शिविरों की मॉनिटरिंग नियमित रूप से करें। कलेक्टर ने जनपद पंचायतों के सीएमओ को निर्देश दिए कि “संकल्प से समाधान” अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्र में घर-घर जाकर आवेदन प्राप्त किए जाएं।
लंबित आवेदनों का करें निराकरण
कलेक्टर ने सीएमएचओ को आयुष्मान कार्ड तैयार करने के कार्य में गति लाने तथा डीपीओ कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं लाड़ली लक्ष्मी योजना से संबंधित आवेदनों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने मतदाता सूची के एसआइआर अभियान के शेष कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई
उन्होंने बैठक में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के निरीक्षकों की अनुपस्थिति पर नाराजगी प्रकट की और उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा, अपर कलेक्टर केआर बड़ोले एवं अरविंद चौहान सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।