
महोबा. महोबा डाक बंगला मैदान में आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पूर्व मंत्री और जनाधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा ने सपा, बसपा और भाजपा पर हमला बोल जमकर तीखे तंज कसें। आगामी चुनाव में इन सभी दलों को सबक सिखाने की बात बाबू सिंह ने कहीं है। पूर्व मंत्री ने यूपी सीएम से अपील की है कि गाय और मंदिर की चर्चा छोड़कर बेरोजगारों और नौजवानों पर चर्चा करें। उन्होंने यह भी कहा कि सपा-बसपा की विचारधारा ही गलत है। आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी ताकत दिखाने के लिए जन अधिकार पार्टी ने लोकतंत्र बचाओ, संकल्प महारैली के माध्यम से करीब 10 हजार से ज्यादा की विशाल भीड़ इकट्ठा की।
ये भी पढ़ें- ममता बनर्जी के गढ़ में पहुंचकर गरजे सीएम योगी, किया बड़ा ऐलान
हमारी पार्टी सभी सीटों पर लड़ेगी और जीतेगी-
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह कुशवाहा ने महोबा पहुंचकर अपनी ताकत का अहसास कराया है। अपने समाज और कार्यकर्ताओं के बल बूते पर आगामी लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों पर लड़ने की उन्होंने बात भी कही। रैली में शामिल कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस छोटी पार्टी है। उसके बारे में मौजूद समय में बात करना सही नहीं है। सपा और बसपा के शासन को सभी ने भली भांति देखने के बाद बर्ष 2014 में केंद्र पर बीजेपी को सत्ता में बैठाया था और 2017 में अपराध और अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए यूपी की विधानसभा में योगी आदित्यनाथ को बैठाया था। मगर आज तक बीजेपी ने किसानों-नौजवानो के खाते में 15 लाख रुपये नहीं भेजे। किसानों के खेतों में पानी नहीं पहुंचाया। प्रदेश में महिला हिंसा में दो गुनी बढ़ोत्तरी हुई है। देश में नोटबंदी के बाद लाखों युवा बेरोजगार हो गए हैं। बीजेपी भी अपने वादों पर खरी नहीं उतरी अब इनके जाने का समय आ गया है। हमारी पार्टी सभी सीटों पर लड़ेगी और जीतेगी। गठबंधन से उन्होंने इंकार नहीं किया।
ये भी पढ़ें- प्रसपा ने सपा-बसपा के खिलाफ कही बड़ी बात, मायावती-अखिलेश को लेकर कहा यह
ममता बनर्जी पर कहा यह-
उन्होंने कहा कि कुछ लोग भाईचारे और धर्मनिरपेक्ष को बदलने की साजिश चल रहे हैं। लोकतंत्र को ख़त्म करने का काम कुछ दल कर रहे हैं। जनाधिकार पार्टी गरीबों की पार्टी है। सपा और बसपा गठबंधन को हम जीतने नहीं देंगे। सीबीआई पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी पर सीबीआई का दुरूपयोग हो रहा है। मैं भी इसका भुक्तभोगी हूँ। मुझे डर है कि सरकार मेरे ऊपर भी चुनाव को देखते हुए छापेमारी कर सकती है।