मेरठ। ब्रह्मपुरी पुलिस को मंगलवार की शाम उस समय बड़ी कामयाबी हाथ लगी, जब एक महिला से मोबाइल लूटकर भागते शातिर लुटेरे की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। जिसके बाद पुलिस ने बदमाश के पैर में गोली मारकर उसे दबोच लिया। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी ब्रजेश कुमार शर्मा ने बताया कि शाम को बाइक सवार एक बदमाश ने सड़क चलती एक महिला से मोबाइल लूट लिया। थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने बदमाश की घेराबंदी करते हुए सरस्वती लोक के निकट उसे घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक गोली बदमाश के पैर में लगी। जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के पास से तमंचा और बाइक बरामद की गई। बदमाश की पहचान खड़ौली निवासी आरिफ पुत्र मुमताज के रूप में हुई। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी के मुताबिक आरिफ के खिलाफ जानी, कंकरखेड़ा और ब्रह्मपुरी थाने में लूट सहित अन्य कई धाराओं में गंभीर मामले दर्ज हैं। कई घटनाओं में आरिफ वांछित चल रहा था। पकड़े गए बदमाश को पुलिस ने मेडिकल में भर्ती कराया है।