14 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नागौर
वीडियो : नागौर शहर में रामनवमी पर निकाली गई विशाल शोभायात्रा, गूंजा : एक ही नाम, जयश्री राम-जयश्री राम
Play video

वीडियो : नागौर शहर में रामनवमी पर निकाली गई विशाल शोभायात्रा, गूंजा : एक ही नाम, जयश्री राम-जयश्री राम

रामनवमी महोत्सव समिति के तत्वावधान में निकाली शोभायात्रा, भगवामय हुआ नागौर

Google source verification

नागौर.नागीणा नगरी रामनवमी पर रविवार को भगवामय हो गई। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के प्राकट्योत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा के दौरान पूरे शहर में आस्था के साथ शौर्य का माहौल देखने को मिला। पुरुषों ने भगवा साफे के साथ सफेद धोती-कुर्ता एवं कुर्ता- पायजामा पहन रखा था तो कुछ लोग भगवा चोला पहने हुए शोभायात्रा में शामिल हुए, मातृशक्ति ने भगवा साफे के साथ पारम्परिक पोशाक पहनकर यात्रा की शोभा बढ़ाई। शोभायात्रा में बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग हर कोई भजनों पर नृत्य कर रहा था। शोभायात्रा में हर दिशा में ‘एक ही नारा, एक ही नाम, जयश्री राम-जयश्री राम’ का नारा गूंज रहा था। युवाओं ने लाठी संचालन व तलवार बाजी प्रदर्शन किया।

पांच घंटे में पूरी हुई शोभायात्रा

शोभायात्रा सवा चार बजे खत्रीपुरा स्कूल मैदान से रवाना हुई। डेह चौराहा, विजय वल्लभ चौक से दिल्ली दरवाजा, गांधी चौक, कलक्ट्रेट श्रीराम चौराहा, रेलवे स्टेशन चौराहा, परशुराम सर्किल होते हुए नया दरवाजा से रात 9 बजे बख्तासागर जलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। वहां आतिशबाजी तथा महाआरती की गई। शोभायात्रा का अंतिम सिरा पूरा होने में करीब दो घंटे का समय लगा।

जमकर की पुष्पवर्षा

शोभायात्रा का विभिन्न समाजों एवं सामाजिक , धार्मिक एवं व्यापारी संगठनों की ओर से जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। हर जाति-धर्म के लोगों ने पुष्पवर्षा कर साम्प्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया।

संत शक्ति का मिला सान्निध्य

रामनवमी महोत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित शोभायात्रा में समिति के संरक्षक व संतों का पावन सान्निध्य मिला। महंत जानकीदास, स्वामी हरनारायण शास्त्री, संत भागीरथराम शास्त्री, साध्वी सीताबाई, संत चेतनराम, मांझवास के योगी स्वरूपनाथ, फागली के संत लक्ष्मीनारायण दास, रामपोल रामद्वारा के महंत मुरलीराम व रामद्वारा बस्सी के संत सर्वेश्वर ने श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया।

खली ने दिया सामाजिक समरसता का संदेश

शोभायात्रा के शुभारंभ स्थल पर पहुंचे रेसलर द ग्रेट खाली ने कहा कि 2047 के भारत को विकसित देश बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को साकार करने के लिए हम सबको प्रयास करना होगा। उन्होंने जात-पांत से ऊपर उठकर सामाजिक समरसता के भाव से कार्य करने का आग्रह किया। साथ ही युवा शक्ति से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

झांकियों में झलकी देश की संस्कृति

रामनवमी की शोभायात्रा में 100 से अधिक झांकियां शामिल हुई, जिसमें देवी-देवताओं के साथ देश के महापुरुषों, संतों, योद्धाओं की जीवंत झांकियों ने हर किसी को आकृष्ट किया। छोटे बच्चों ने पूरी मेहनत से विभिन्न देवी-देतावओं एवं महापुरुषों के स्वांग धारण कर चार घंटे तक शोभायात्रा में भारतीय संस्कृति के दर्शन कराए। राम दरबार, अमृता देवी, जम्भेश्वर भगवान, संदीपनी आश्रम, राधा-कृष्ण, महाराणा प्रताप,

सिंह से खेलते भरत, नंदी पर सवार शिवजी, झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, महालक्ष्मी माता, सेनजी महाराज, माता यमुना, मां सरस्वती, जसनाथ महाराज, बैलगाड़ी, दधीमति माता, बाबा खाटू श्याम, ब्रह्माकुमारी संस्थान की शिव दरबार, शिव बरात, हनुमान जी गदा, श्रीनाथ जी सहित अन्य झांकियों ने शहरवासियों का मनमोह लिया।

स्टंट करने वालों ने पैदा किया खलल

शोभायात्रा को लेकर समिति के पदाधिकारियों ने कई निर्देश जारी किए थे, इसके बावजूद कुछ लोग शोभायात्रा में खलल पैदा करते नजर आए। धार्मिक आयोजन होने के कारण पुलिस ने भी उन्हें नजरअंदाज किया। कुछ युवक दुपहिया एवं चार पहिया वाहनों से शोभायात्रा के मार्ग पर स्टंटबाजी करते नजर आए तो कुछ बुलेट के साइलेंसर से तेज आवाज निकाल रहे थे। इससे महिलाओं व बुजुर्गों को काफी परेशानी हुई।

शोभायात्रा में नहीं आया खली, लोग हुए निराश

अंतरराष्ट्रीय रेसलर खली को देखने के लिए लोग इंतजार करते रह गए। खली शोभायात्रा के शुभारम्भ स्थल से ही वापस निकल गए। पूरी शोभायात्रा के दौरान लोगों को खली नजर नहीं आया तो सब एक-दूसरे से पूछते रहे। जब उन्हें पता चला कि वो खत्रीपुरा से ही निकल गए तो लोग निराश हुए।

दो घंटे बंद रही बिजली

शोभायात्रा के दौरान कलक्ट्रेट क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। सूर्यास्त के बाद भी बिजली सुचारू नहीं होने से मार्ग पर अंधेरा छा गया। इससे लोगों को परेशानी हुई।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारी रहे मुस्तैद

शोभायात्रा शांतिपूर्वक निकलवाने के लिय पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एडीएम चम्पालाल जीनगर, एएसपी सुमित कुमार, डीएसपी रामप्रताप विश्नोई सहित अन्य अधिकारी शोभायात्रा के साथ रहे। यातायात पुलिस ने भी व्यवस्था बनाने का पूरा प्रयास किया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष सूरजमल भाटी, समाजसेवी भोजराज सारस्वत, हरिराम धारणिया, सुरेश राठी, रामेश्वर सारस्वत, उम्मेदसिंह, लोकेश टाक, मनीष शर्मा, नीलू खड़लोया, सरोज प्रजापत सहित टीम के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाएं संभाली । जनप्रतिनिधि सभापति मीतू बोथरा, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति मिर्धा, पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हनुमान बांगड़ा, अर्जुनराम मेहरिया, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बिरदीचंद सांखला, पार्षद नवरतनमल बोथरा, गोविन्दकड़वा आदि ने पुष्प वर्षा की।