नागौर. जिले के श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के एक खेत में बंटाईदार के रूप में काम करने वाले किसान की नाबालिग बेटी ने प्रेमी के चक्कर में अपनी जान गंवा दी। प्रेमी युवक की निशानदेही पर पुलिस ने 5 नवम्बर, मंगलवार को कुएं से शव निकालने का प्रयास किया, लेकिन कुएं में पानी भरा होने से देर शाम तक शव नहीं निकाला जा सका। अंधेरा होने के कारण रात को काम बंद करना पड़ा। अब आज यानी बुधवार को कुएं से शव निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार बीकानेर जिले जसरासर थाना क्षेत्र के गांव का एक व्यक्ति अपने परिवार के साथ नागौर के श्रीबालाजी थाना क्षेत्र के एक खेत पर बंटाईदार के रूप में पिछले कुछ समय से कृषि कार्य कर रहा था। इस दौरान उसकी नाबालिग पुत्री पड़ौस में रहने वाले एक युवक के प्रेम जाल में फंस गई और 2 नवम्बर की रात को युवक उसे बहला-फुसला कर भगा ले गया। इस संबंध में उसके परिजनों ने श्रीबालाजी थाने में रिपोर्ट देकर बताया कि नाबालिग बालिका 2 नवम्बर की शाम को उनके साथ सोई थी, लेकिन रात 11 बजे वह अपने बिस्तर पर नहीं मिली। आसपास ढूंढ़ा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसला कर ले गया।
कॉल डिटेल खंगाली तो पकड़ में आया आरोपी
नागौर एसपी नारायण टोगस ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर तकनीकी एंगल से जांच की, जिसमें पड़ौस में रहने वाले युवक के साथ फोन पर बातचीत करना सामने आया। इसके बाद युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि वे दोनों पहले नोखा गए। वहां से वे पांचू थाना क्षेत्र के साठिका गांव के निकट एक सूनेकुंए के पास पहुंचे तथा उसमें कूदकर जान देने का निर्णय लिया। एसपी ने बताया कि कुएं में पहले लडक़ी कूदी, जिसे देखकर लडक़े ने विचार बदल लिया और वापस घर आ गया। पुलिस युवक की निशानदेही पर कुएं से शव निकालने का प्रयास कर रही है। कुएं में पानी होने के कारण एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, लेकिन रात होने के कारण देर शाम तक शव नहीं निकाला जा सका। एसपी टोगस ने बताया शव बरामद होने के बाद ही जांच आगे बढ़ पाएगी। शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा, ताकि यह पता चल सके कि बालिका की हत्या की गई या फिर उसने खुद ही कूदकर जान दी।
शादी नहीं कर पाए, इसलिए लिया जान देने का निर्णय
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नाबालिग बालिका व युवक 2 नवम्बर की रात को पहले नोखा पहुंचे। वहां से जैसलमेर जाकर शादी करने का निर्णय लिया, लेकिन बाद लडक़ी ने बताया कि वह नाबालिग है, इसलिए शादी नहीं कर सकते। इसके बाद एक बार तो वापस घर जाने की बात की, लेकिन फिर घरवालों के डर से विचार बदल दिया और एक साथ जान देने का निर्णय लिया।
पुलिस रख रही फूंक-फूंक कर कदम
नाबालिग बालिका को भगाकर ले जाने के बाद उसकी मौत के मामले में पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। हालांकि भगाने वाले युवक का कहना है कि दोनों ने एक साथ मरने का निर्णय लिया और पहले बालिका कुएं में कूदी, लेकिन उसके बाद उसने विचार बदल दिया। पुलिस इसमें पहले शव निकालने का प्रयास कर रही है। गौरतलब है कि गुड्डी हत्याकांड में पुलिस को शव बरामद नहीं हो पाया था। इसलिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।
शव निकालने का प्रयास कर रहे
नागौर पुलिस की ओर से हिरासत में लिए गए युवक की निशानदेही के आधार पर कुएं से पानी निकालकर शव निकालने का प्रयास कर रहे हैं। शाम को एसडीआरएफ की टीम पहुंची, लेकिन अंधेरा होने से काम धीमा हो गया। शव मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई हो सकेगी।
– हिमांशु शर्मा, डीएसपी, नोखा
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से तय होगी जांच की दिशा
पुलिस युवक के बयान के आधार पर आगे की जांच कर रही है। कुएं से शव को निकालने का प्रयास किया जा रहा है, शव निकालने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी। युवक सच बोल रहा है या झूठ, इसका फैसला भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।
– नारायण टोगस, एसपी, नागौर