नागौर.मूण्डवा के तेजास्थली महिला शिक्षण एवं शोध संस्थान के वार्षिकोत्सव को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए प्रदेश के राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागड़े ने लोक देवता वीर तेजाजी को याद करते हुए महिला शिक्षा को समर्पित तेजास्थली संस्थान की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुझे अच्छा लगा कि बिना किसी लाभ के यह संस्थान संचालित हो रहा है, यहां हर जाति-धर्म की बालिकाएं यहां शिक्षा प्राप्त कर रही है। बागड़े ने कहा कि लड़कियां किसी से कम नहीं है और वर्तमान में बच्चियां, लड़कों से ज्यादा आगे बढ रही हैं। उन्होंने बालिकाओं से कहा कि अच्छा अभ्यास करें, आज के समय में इसी की जरूरत है।
बागड़े ने कहा कि हाल ही में एलन मस्क ने कहा है कि अमेरिका में अच्छे इंजीनियर की जरूरत है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा है कि उन्हें टैलेंट चाहिए और यह टैलेंट भारत में है। भारत में दुनिया का सबसे अधिक टैलेंट पहले भी था और आज भी है।
उन्होंने प्राचीन काल के कई उदाहरण देते हुए कहा कि जिसके पास कौशल होगा, उसे रोजगार अवश्य मिल जाएगा, इसलिए भारत सरकार कौशल विकास के प्रशिक्षण पर जोर दे रही है। उन्होंने युवाओं से कहा कि यदि हमारे हाथ में कला है तो रोजगार अवश्यक मिल जाएगा और सफल भी होंगे। बच्चों से कहा कि अपनी शारीरिक शक्ति बढाओ, और इतनी बढाओ कि दूसरों को डर लगने लगे। उन्होंने बार-बार दोहराते हुए कहा कि अपना कौशल और बौद्धिक क्षमता बढाने वाला ही आगे जाएगा।