
परबतसर (नागौर). डीडवाना-कुचामन जिले के परबतसर पुलिस थाना क्षेत्र में एक किसान ने जल्दी अमीर बनने के चक्कर में बिना लाइसेंस लिए अवैध अफीम की खेती कर ली। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने गुरुवार को कारवाई करते हुए साढ़े तीन बीघा भूमि पर की गई अफीम की खेती पकड़ी है। पुलिस ने खेत से 78 हजार 611 पौधे बरामद किए। थाना अधिकारी जगदीशप्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम बांसड़ा में पहाड़ियों की ओट में एक किसान ने बिना लाइसेंस लिए अवैध रूप अफीम की खेती कर रखी है। सूचना मिलने पर वे टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो देखा कि नौरतराम गुर्जर के खेत में अवैध रूप से करीब 5600 वर्गमीटर में अवैध मादक पदार्थ अफीम की खेती की हुई थी। जिसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर मौके से एक आरोपी पांचूराम निवासी अरठ को गिरफ्तार किया। वहीं इस प्रकरण में तीन को नामजद किया है, जो फरार चल रहे हैं।