तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में नए बस स्टैंड से आदि गुरु शंकराचार्य जी की मूर्ति तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर शनिवार को भारी बारिश के कारण पहाड़ के दरक सडक़ पर आ गया। शनिवार अलसुबह हुई इस घटना के समय मार्ग पर आवागमन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया, किंतु खतरा कम नहीं हुआ है। पहाड़ के कटाव को आसानी से देखा जा सकता है, कई जगह से पहाड़ लटक रहा है।
शनिवार दोपहर बाद लटकता हुआ हिस्सा भी मार्ग पर गिरा जिसे देर शाम तक नहीं हटाया गया। जबकि नगर परिषद की टीम द्वारा रात में गिरे हुए मलबे और पेड़ों को रास्ते से सुबह हटा दिया गया था। किंतु दोपहर बाद गिरे मलबे को नहीं हटाया गया यह अभी रास्ते पर ही पड़ा हुआ है। इस मार्ग पर यातायात कम है किंतु प्रशासन को सावधानी रखना अत्यंत आवश्यक है बड़ा हादसा हो सकता है। यह मार्ग ओंकार पर्वत जाने वाले स्थानीय वाहनों एवं श्रद्धालुओं के लिए मुख्य रास्ता है। लोगों का कहना है कि यहां आवागमन लगातार बना रहता है, ऐसे में पहाड़ से कटाव और मिट्टी खिसकने की घटनाएं गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं।