
नागौर. करोड़ों की मूंग बेचने वाले अन्नदाताओं को अब तक पैसा नहीं मिल पाया है। हालांकि मूंग खरीद तो गत 18 अक्टूबर से शुरू हो गई थी, लेकिन बेचान के एक पखवाड़ा के बाद भी नागौर जिले के एक भी किसान को अब तक भुगतान राशि नहीं मिल पाई है। यह स्थिति तब है, जबकि बेचान प्रक्रिया शुरू होने के महज एक सप्ताह के पश्चात दीपावली सरीख पर्व भी पड़ा। इसमें किसानों को भुगतान नहीं हो पाया। भुगतान होता तो किसानों की दीपावली फीकी नहीं रहती। इस मामले में डीडवाना-कुचामन जिले में मूंग का बेचान करने वाले किसान ज्यादा भाग्यशाली रहे। डीडवाना-कुचामन जिले में मूंग बेचान करने वाले करीब 50 प्रतिशत किसानों को भुगतान तो मिल गया। शेष अभी तक भुगतान का ही इंतजार कर रहे हैं।
जिले में समर्थन मूल्य पर मूंग खरीद शुरू होने के बाद अब उत्साहित नजर आ रहे अब किसानों की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। काश्तकार बेहद मायूस हैं। कारण अब तक मूंग बेचान की प्रक्रिया शुरू होने के पश्चात उन्होंने मूंग तो बेच दी, मगर अब तक उनको एक पैसा तक नहीं मिल पाया है। जबकि काश्तकारों को उम्मीद थी कि मूंग बिकेगी तो अच्छी खासी राशि में आएगी तो दीवाली बढिय़ा मनेगी। इस उम्मीद पर जिम्मेदारों ने पानी फेर दिया। नागौर जिले में हालांकि अब तक 1327 किसानों ने 24 करोड़ से ज्यादा की मूंग का बेचान कर दिया है। बेचान करने वाले किसानों में किसी को इसके एवज में 24 रुपए तक नहीं मिले हैं। इसकी वजह से अन्नदाता मायूस नजर आ रहे हैं।
नागौर एवं डीडवाना-कुचामन जिले में मूंग खरीद के भुगतान की यह रही स्थिति
समर्थन मूल्य पर मूंग बेचान करने के मामले में डीडवाना-कुचामन जिला बेहतर स्थिति में रहा है। डीडवाना-कुचामन जिले में डीडवाना के 164, गच्छीपुरा के 86, कुचामन के 92 एवं परबतसर में 394 किसानों को भुगतान मिल चुका है। जबकि इस जिले में लाडनू दुर्भाग्यशाली रहा है। लाडनू खरीद केन्द्र के मार्फत मूंग की बिक्री करने वाले 155 किसानों में से एक को भी अब तक भुगतान नहीं मिल पाया है। इसी तरह से खरीद केन्द्रों में डीडवाना में 325 में से 164, गच्छीपुरा में 206 में से 86, कुचामन में 191 में से 92 और परबतसर में 586 में से 394 किसानों को भुगतान मिला है। इस तरह से यहां यानि की डीडवाना-कुचामन जिले के कुल 727 किसानों को अब तक बेचान करने के बाद भी पैसा नहीं मिल पाया है।
एक नजर इस पर भी….
नागौर जिले में समर्थन मूल्य मूंग बेचान करने वाले किसानों की संख्या-1327
नागौर जिले में समर्थन मूल्य मूंग खरीद का मिला मिला भुगतान-शून्य
नागौर जिले में मूंग की खरीद कुल बकाया राशि-248383338
डीडवाना-कुचामन जिले में समर्थन मूल्य मूंग बेचान करने वाले किसानों की संख्या-1463
डीडवाना-कुचामन जिले में समर्थन मूल्य मूंग बेचान वाले इतने किसानों को मिला भुगतान-736
डीडवाना-कुचामन जिले में मूूंग बेचान में भुगतान से वंचित किसानों की संख्या-727
डीडवाना-कुचामन जिले में कुल मूंग की खरीद की किसानों को राशि -303731088
-डीडवाना-कुचामन जिले में 736 किसानों को मूंग बेचान की मिली राशि-153363189
डीडवाना-कुचामन जिले में कुल खरीद क्विंटल में-34984
नागौर जिले में कुल मूंग खरीद क्विंटल में-28609
भुगतान की यह होती है प्रक्रिया
समर्थन मूल्य पर मूंग खरीद के पश्चात क्रय-विक्रय सहकारी समिति की ओर से माल वेयरहाउस में जमा कराया जाता है। वेयर हाउस की ओर से इसकी प्राप्ति रसीद यानि की डल्यूआर क्रय-विक्रय सहकारी समिति को देती है। समिति की ओर से इसे अजमेर में राजफेड को जमा कराया जाता है। इसके पश्चात इसे अजमेर में इस प्रक्रिया की रसीद को प्राप्त कर ऑनलाइन दर्शाया जाता है। इसके बाद ही किसानों के खातों में राशि आती है।
अगले सप्ताह से किसानों को भुगतान मिलने की उम्मीद
समर्थन मूल्य पर मूंग खरीद करने वाले समिति के अधिकारियोंसे बातचीत हुई तो उनका कहना था कि माल तो जमा हो रहा है, लेकिन इसकी डल्यूआर अब तक नहीं मिली है। डब्ल्यूआर जारी करने की प्रक्रिया वेयर हाउस की ओर से शुक्रवार से शुरू कर दी गई है। अब जल्द ही इसको अजमेर में जमा कराए जाने के बाद किसानों की बेचान राशि उनके खातों में आ जाएगी। समिति के अनुसार काश्तकारों को संभवत: अगले सप्ताह से भुगतान होना शुरू हो जाएगा। इसके बाद फिर लगातार प्रक्रिया चलती रहेगी।
इनका कहना है…
सीडल्यूसी वेयर हाउस की ओर से डब्ल्यूआर जारी करने का कार्य शुरू हो गया है। इसके मिलने के बाद इसे तुरन्त अजमेर में स्थित राजफेड कार्यालय में जमा करा दिया जाएगा। इसके पश्चात इसको अजमेर से ऑनलाइन दर्शा भी दिया जाएगा। इसके बाद किसानों की भुगतान राशि उनके खातों में आ जाएगी।
कमल कुमार, उपरजिस्ट्रार, सहकारी समितियां नागौर