इंदौर, बायपास पर रविवार शाम लिक्विड अमोनिया टैंकर में लीकेज से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जोन-1 पुलिस अधिकारी ने विभिन्न थाना पुलिस के साथ मोर्चा संभाला। जान जोखिम में डाल अधिकारी ने सबसे पहले ब्रिज का ट्रैफिक रोका। ट्रैफिक डायवर्ट करने टीमें लगाईं। खतरनाक लिक्विड अमोनिया के तेजी से हो रहे रिसाव पर काबू पाने के लिए एक्सपर्ट से संपर्क किया। फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंच गई। करीब साढ़े तीन घंटे रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद लिक्विड अमोनिया को बाहर निकाल डिफ्यूज किया गया।
शाम करीब 4 बजे जोन-1 डीसीपी विनोद कुमार मीना को सूचना मिली थी कि तेजाजी नगर थाना अंतर्गत बायपास ब्रिज पर लिक्विड अमोनिया टैंकर में लीकेज हो गया है। वहां से गुजरने वाले लोग अमोनिया की चपेट में आ रहे हैं। खतरनाक गैस से उनकी आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ हो रही है। डीसीपी ने ताबड़तोड़ एडिशनल डीसीपी आलोक कुमार शर्मा, एसीपी आशीष पटेल, तेजाजी नगर थाना, राऊ थाना, राजेंद्र नगर थाने का पुलिस बल बुलाया। मौके पर पहुंचे तो पता चला कि मार्ग से आवागमन चल रहा है। तत्काल राऊ गोल चौराहे से ट्रैफिक को तेजाजी नगर थाने के सामने से डायवर्ट किया।
पीथमपुर से ग्वालियर जा रहा था टैंकर
लिक्विड अमोनिया से भरा टैंकर सेज यूनिर्वसिटी के सामने स्थित ब्रिज पर मिला। जांच में पता चला कि टैंकर पीथमपुर से ग्वालियर जा रहा था। टैंकर ब्रिज पर खराब हो गया था। चालक उसे छोड़कर मैकेनिक लेने गया था। इस बीच कोई वाहन टैंकर के पिछले हिस्से जा टकराया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। टैंकर का वाॅल्व टूटने से लिक्विड गैस का रिसाव तेजी से होने लगा। इस वजह से मार्ग से गुजरने वाले लोगों को आंखों के साथ सांस लेने में तकलीफ होने लगी।