15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खंडवा

जर्जर सडक़ों पर जनाक्रोश… सिरपुर फाटे पर एक घंटा चक्काजाम, सडक़ का श्राद्ध कर पांच लोगों ने कराया मुंडन

-खंडवा-डुल्हार मार्ग का लेकर कांग्रेस सहित ग्रामीण उतरे सडक़ पर -आज फिर जन आंदोलन, बड़ी संख्या में क्षेत्रीय किसान होंगे शामिल

Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Aug 28, 2025

जर्जर सडक़ों को लेकर शासन-प्रशासन से निराशा मिलने के बाद अब लोगों को स्वयं रोड पर उतरना पड़ रहा है। बुधवार खंडवा-डुल्हार मार्ग की खस्ताहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता व ग्रामीणों ने सिरपुर फाटे पर चक्काजाम किया। इतना ही नहीं सडक़ का श्राद्ध करते हुए पांच लोगों ने अपना मुंडन भी करवाया। वहीं, गुरुवार को एक बार फिर क्षेत्रीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में किसान सिरपुर फाटे पर जन आंदोलन करेंगे।

शनिवार को बुरहानपुर से गणेश प्रतिमा लाते समय गड्ढे के कारण ट्राले से प्रतिमा गिरने पर खंडवा के शशांक जोशी की मौत हो गई थी। जिले की जर्जर सडक़ों को लेकर सुलग रहे लोगों के आक्रोश को शशांक की मौत ने एक आंदोलन बना दिया है। बुधवार को ग्राम पांजरिया सरपंच श्रीराम पटेल, पूर्व सदस्य जिपं रणधीर कैथवास के नेतृत्व में लोगों ने सिरपुर फाटे पर चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने चुने हुए जनप्रतिनिधियों की खामोशी का विरोध करते हुए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक के नाम की पर्र्ची भी हाथों में थाम रखी थी।यहां जर्जर सडक़ के विरोध में सरपंच श्रीराम पटेल, रणधीर कैथवास, डॉ. महेंद्र पटेल बोरगांव, लखन चतरे बडग़ांव माली और पंडरी पटेल बोरगांव ने सिर मुंडन भी कराया।

प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
खंडवा-डुल्हार मार्ग के नव निर्माण की मांग करने के साथ ही प्रदर्शनकारियों ने राजा हरिश्चंद्र मुक्तिधाम से बमनगांव अखाई रोड निर्माण कार्य की जांच की मांग भी की। पूर्व जिपं सदस्य रणधीर कैथवास ने बताया कि पीएमजीएसवाय के तहत बने 84 लाख के इस रोड की हालत बनते ही खराब हो गई है। रोड निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ है, जिसकी जांच होना चाहिए। चक्काजाम की सूचना पर पदमनगर थाना प्रभारी प्रवीण आर्य सहित पुलिस बल यहां पहुंचा। करीब एक घंटे के धरना-प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों ने पीएम के नाम एक ज्ञापन थाना प्रभारी को सौंपा। इस दौरान पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ओंकार पटेल, जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि रामपालसिंह सोलंकी, विकास व्यास, अब्दुल कादर सहित कांग्रेसी और ग्रामीण मौजूद थे।

आज सिरपुर फाटे पर फिर चक्काजाम
28 अगस्त को सिरपुर फाटे पर आंदोलन की चेतावनी के बाद सोमवार को पीडब्ल्यूडी अधिकारी खंडवा-डुल्हार मार्ग के गड्ढे भरने पहुंचे तो विरोध का सामना करना पड़ा। जैसे-तैसे पुलिस के साये में गड्ढे भरे गए, लेकिन किसान और ग्रामीण अपने आंदोलन पर अडिग है। गुरुवार दोपहर 12 बजे एक क्षेत्रीय किसानों द्वारा चक्काजाम किया जाएगा। क्षेत्रीय किसान सुभाष पटेल ने बताया कि पिछले साल सितंबर में भी यहां पर तीन लोगों की मौत के बाद आंदोलन किया गया था। तब भी आश्वासन मिला था कि रोड बना देंगे। अब एक साल पूरा हो गया, लेकिन रोड नहीं बना। अब आर पार की लड़ाई होगी। इस आंदोलन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तमपाल सिंह भी शामिल होने पहुंचेंगे।