नई दिल्ली। कर्नाटक के 105 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) के चुनाव के लिए हो रही मतगणना के परिणाम के अनुसार सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल कांग्रेस ने 22 में से 10 जिलों में अधिकतर सीटों पर जीत दर्ज की है। कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन को मिली इस जीत पर सीएम एचडी कुमारस्वामी ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि 90 दिन में ही जनता ने जो प्यार दिया है, उससे हम अभिभूत हैं। हम विश्वास दिलाते हैं कि आगे भी ऐसे ही विकास के रास्ते पर चलते रहेंगे।
चुनाव परिणाम का ऐलान करते हुए चुनाव आयोग ने कहा है कि 31 अगस्त को हुए निकाय चुनाव में, कांग्रेस ने कुल 2,662 सीटों में से 982 सीटें जीत ली हैं, जिसमें से 10 जिलों बेल्लारी, बिदर, गडक, मैसुरू, उत्तर कन्नड़ और रायचुर में पार्टी ने बहुमत हासिल किया है। दूसरी तरफ, जनता दल (सेक्युलर) 375 सीटों पर जीत दर्ज की है और अपने मजबूत गढ़ हासन, मांड्या और तुमाकुरु जिलों में बहुमत हासिल किया है। विपक्षी भारतीय जनता पार्टी ने 929 सीटें जीती हैं और तटीय उडुपी और दक्षिण कन्नड़ समेत सात जिलों में बहुमत हासिल किया है।