
राजनांदगांव. हर संडे लगने वाली मस्ती की पाठशाला इस बार जान पर बन आई। रानीसागर झील में बना लक्ष्मण झूला अचानक टूट गया। जिसके चलते सैकड़ों लोग गहरे पानी में गिर गए। आनन-फानन में लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर गहरे पानी में गिरे लोगों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रानीसागर झील और चौपाटी के बीच में मस्ती की पाठशाला कार्यक्रम चल रहा था।
पानी में लगाई छलांग
युवाओं के अलावा बच्चे और बड़े सभी लोग लक्ष्मण झूले में नाच रहे थे। इसी बीच अधिक भार होने कारण लक्ष्मण झूला टूट गया। झूले में सवार सभी लोग रानीसागर के गहरे पानी में गिर गए। झील में गिरे लोगों को बचाने के लिए तुरंत वहां मौजूद लोगों ने पानी में छलांग लगाई। जिससे कोई भी हताहत नहीं हुआ। न ही किसी के डूबने की सूचना अब तक सामने आई। लक्ष्मण झूला टूटते ही प्रशासन के खिलाफ लोगों को आक्रोश फूट पड़ा। 2007 में चौपाटी के दो हिस्सों के जोडऩे के लिए लक्ष्मण झूले को बनाया गया था।