
अश्वनी प्रतापसिंह @ राजसमंद. रेलमगरा के केजीबीवी में पढऩे वाली छात्रा के हुनर का आज जिले में ही नहीं देश-प्रदेश में ढंका बज रहा है। लाखों लोग उसकी प्रतिभा के दिवाने हैं। जी हां हम बात कर रहे हैं पन्नाधाय के बलिदान पर लिखी गई कविता का पाठ करने वाली नेहा वैष्णव की। नेहा ने जिस दिन से पाठ किया है, उस दिन से आज तक उसे 1५ से ज्यादा जगहों पर सम्मानित किया जा चुका है। राजसमंद और प्रतापगढ़ कलक्टर सहित उसे समाजों, संस्थाओं ने सम्मानित किया है। कक्षा 8वीं में पढऩे वाली नेहा शायद ऐसी पहली छात्रा है, जिसे 20 दिनों में इतने सम्मान मिले हैं। इसके साथ ही अबतक उसे करीब पौने तीन लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि भी मिल चुकी है। गौरतलब है कि नेहा वैष्णव ने 18 जनवरी को केजीबीवी (कस्तूरबां गांधी आवासीय विद्यालय) सागवाड़ा में आयोजित संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में पन्नाधाय के बलिदान पर लिखी गई कविता के कुछ अंश मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किए। उसकी आवाज और भावभंगिमा ने कविता को जीवंत कर दिया, जिसका विडियो वायरल हो गया।
यहां हुए सम्मान
-21 जनवरी को वैष्णव समाज ने उसका प्रथम स्वागत किया।
-23 जनवरी को विवेकानंद मॉडल स्कूल व स्थानीय क्षत्रिय समाज द्वारा।
-25 जनवरी को पन्नाधाय वंशज गुर्जर (हांकल) परिवार द्वारा।
-26 जनवरी को वैष्णव बैरागी कल्याण समिति उदयपुर द्वारा।
-26 जनवरी को राजसमंद में जिला स्तरीय सम्मान समारोह में कलक्टर अरविंद कुमार पोसवाल द्वारा।
-26 जनवरी को रेलमगरा उपखंड मुख्यालय पर एसडीएम द्वारा।
-26 जनवरी को ही प्रतापगढ़ जिला कलक्टर द्वारा।
-26 जनवरी को ही एजुकेशन एकेडमी अजमेर द्वारा।
-28 जनवरी को छात्रा यूनियन द्वारा मीरा गल्र्स कॉलेज उदयपुर द्वारा।
=28 जनवरी को राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी द्वारा।
-28 जनवरी को उदयपुर में पूर्व राजघराने के महेंद्रसिंह मेवाड़ द्वारा।
-29 जनवरी को जाह्नवी कला परिषद राजसमंद द्वारा।
-2 फरवरी को गोगाथला में मेघाखेड़ा, जयपुर के युवा राजपूतों व ग्रामीणों द्वारा।
-3 फरवरी को कल्लाजी विकास संस्थान जयसमंद द्वारा।
-4 फरवरी को जेआर शर्मा स्मृति महाविद्यालय फलासिया द्वारा।
अब तक मिली राशि
सम्मान के साथ ही नेहा को अबतक करीब पौने तीन लाख रुपए कैश और चेक के जरिए मिल चुके हैं। जिसमें उदयपुर के महेन्द्रसिंह मेवाड़ द्वारा पांच हजार रुपए नकद दिए थे। उसके बैंक खाते में करीब 50 हजार रुपए जमा हो चुके हैं, डेढ़ लाख रुपए के चेक तथा 75 हजार रुपए नकद प्राप्त हो चुके हैं। उल्लेखनीय है कि कॉलेज शिक्षा पूरी कराने के लिए श्रीनाथजी इंस्टीट्यूट नाथद्वारा ने निशुल्क सुविधा देने को कहा है।
सात विडियो, 30 लाख ने देखा
राजस्थान पत्रिका द्वारा फेसबुक पर नेहा के लाइव किए गए सात विडियो को देखने वालों की संख्या अब तक 30 लाख से ऊपर हो गई है। रोजाना बड़ी संख्या में उसके विडियो देखे, लाइक व शेयर किए जा रहे हैं।
लगातार हो रहा सम्मान…
नेहा का अबतक 15 से ज्यादा जगह सम्मान हो चुका है। केजीबीवी की ओर से स्थानीय जिलाधिकारियों से अनुमति लेकर उसे ले जाया गया है। जहां तक मैंने पता किया है, यह 8वीं में पढऩे वाली पहली ऐसी छात्रा है जिसका 20 दिनों में इतनी जगह सम्मान हुआ है।
लक्ष्मी रेगर, प्रधानाध्यापिका, केजीबीवी, रेलमगरा