1 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीधी

राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार, आधा दर्जन आरोपी गिरफ्तार

जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्रांतर्गत कंधवार गांव की घटना

Google source verification

सीधी। वन परिक्षेत्र चुरहट अंतर्गत थाना रामपुर नैकिन के कंधवार गांव में राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार का मामला सामने आया है। करीब आधा दर्जन आरोपी मोर का शिकार करने के बाद उसका मांस पकाकर खाने की फिराक में थे। ग्रामीणों के माध्यम से इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को मिली तो सक्रियता से कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों एवं वन समिति के पदाधिकारियों के सहयोग से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किये गए सभी आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

बताया गया कि शुक्रवार की शाम कंधवार गांव से लगे जंगल में विचरण कर रहे राष्ट्रीय पक्षी मोर को स्थानीय लोगों द्वारा घेरकर पकड़ लिया गया था, इसके बाद उसका शिकार करते हुए ले जा रहे थे। गांव के कुछ लोगों को घटना की जानकारी हुई तो उनके द्वारा तत्काल वन समिति के पदाधिकारियों के साथ ही चुरहट वन अमले को सूचित किया। आरोपी 6 की संख्या में थे जो तीन बाइक में सवार होकर मोर का शिकार करने गए थे। सूचना मिलने के बाद चुरहट रेंज का वन अमला सक्रिय हुआ और आरोपियों की तलाश शुरू हुई। रेंजर चुरहट नवीन सिंह ने बताया कि स्थानीय ग्रामीणों एवं वन समितियों के पदाधिकारियों ने अच्छा सहयोग किया, जिससे एक आरोपी को रात में ही गिरफ्तार करने में सफलता मिल गई। आरोपी के पास से राष्ट्रीय पक्षी मोर का शव बरामद किया गया, इसके बाद उससे पूछतांछ की गई तो उसने घटना में शामिल अन्य पांच आरोपियों के बारे में जानकारी दी, जिन्हें रात में ही वन टीम द्वारा दविश देकर अलग-अलग स्थान से गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों में ये शामिल-
राष्ट्रीय पक्षी मोर का शिकार करने वाले आरोपियों में विनोद पिता महेश लोनिया, मुकेश पिता लधिमन लोनिया, दिलीप पिता मुन्नालाल लोनिया, बेलादी पिता बंशपति लोनिया निवासी ग्राम पटेहरा थाना रामपुर नैकिन तथा शत्रुधन पिता भाईलाल लोनिया निवासी ग्राम गोंदुली थाना बहरी शामिल हैं।

वर्जन-
कंधवार गांव में राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार की जानकारी मिली थी। टीम द्वारा दविश देकर ग्रामीणों एव वन समिति के पदाधिकारियों के सहयोग से घटना में शामिल सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। साथ ही राष्ट्रीय पक्षी मोर का अंतिम संस्कार भी करा दिया गया है।
नवीन सिंह, वनपरिक्षेत्राधिकारी चुरहट