
सीधी। कमर्जी थानांतर्गत मडि़ला निवासी नवविवाहिता की अज्ञात कारणों से मौत के बाद परिजनों द्वारा बिना पीएम कराये ही अंतिम संस्कार किया जा रहा था। मायके पक्ष को जानकारी हुई तो विरोध करते हुए मृतिका का शव लाकर शहर के सम्राट चौक में रखते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने समझाइस देते हुए विरोध शांत कराया और शव को पीएम के लिए भिजवाया।
घटना कमर्जी थानांतर्गत मडि़ला गांव की है। यहां निवासी सरोज पति महेंद्र विश्वकर्मा (22) को ससुराल वालों द्वारा शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। यहां उसका उपचार शुरू हो पाने से पहले ही चिकित्सकों ने परीक्षण किया और मृत घोषित कर दिया। इसके बाद नवविवाहिता के ससुराल वाले उसे गांव लेकर चले गए, जहां रविवार की सुबह उसका अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान मायके वाले बेटी के ससुराल पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाते हुए विरोध करने लगे। मृतिका शव लेकर जिला मुख्यालय चले आए।
ससुराल वाले बता रहे बीमारी से मौत-
मृतिका सरोज के पति सहित अन्य परिजनों ने पुलिस को बताया कि वह बीते करीब एक सप्ताह से बीमार चल रही थी। उसे उल्टी दस्त की समस्या थी। स्थानीय स्तर पर उसका इलाज कराया जा रहा था। जब स्वास्थ में सुधार नहीं हुआ तो शनिवार को दोपहर जिला अस्पताल सीधी ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बीमारी के कारण मौत होने से पीएम नहीं करवाए थे। अंतिम संस्कार के पहले मायके वालों को सूचना दी गई थी, वो आकर विरोध करने लगे।
मायके वालों ने हत्या का लगाया आरोप-
मृतिका के पिता का आरोप है कि सरोज की शादी वर्ष 2018 में हुई है। अभी शादी को सात साल नहीं हुए हैं। ससुराल वालों द्वारा उसे प्रताडि़त किया जा रहा था। उसकी बीमारी की वजह से मौत नहीं हुई है, हत्या की गई है। बिना पीएम कराये ही उसका अंतिम संस्कार किया जा रहा था, ताकि हत्या का खुलाशा न होने पाए। हमें अंतिम समय में जानकारी मिली तो गांव पहुंचकर अंतिम संस्कार रुकवाया और शव लेकर सीधी चले आए। जांच की मांग को लेकर चौराहे में शव रखकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
नहीं होने पाया चक्काजाम-
सुबह करीब 11.30 बजे सूचना मिली की कुछ लोग एक महिला का शव सम्राट चौक में रखकर चक्काजाम की तैयारी कर रहे हैं। मौके पर पहुंचा तो मृतक महिला के पिता व अन्य मायके वालों ने बताया कि उनके बेटी की ससुराल वालों ने हत्या की है, बिना पीएम अंतिम संस्कार कर रहे थे, इसलिए यहां लेकर आ गए हैं। उन्हें समझाइस देकर पीएम के लिए रवाना करा दिया गया। चक्काजाम नहीं हो पाया।
अभिषेक उपाध्याय, नगर निरीक्षक सिटी कोतवाली
पीएम रिपोर्ट आने पर पता चलेगा कारण-
मृतिका के शादी वर्ष 2018 में हुई थी। उसके तीन बच्चे भी हैं। ससुराल वालों द्वारा बीमारी से मौत होना बताया जा रहा है। मायके वाला का कहना है उसे प्रताडि़त किया जाता था, उसकी हत्या की गई है। पंचनामा कार्रवाई उपरांत पीएम कराकर मर्ग कायम कर लिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने पर मौत का असली कारण पता चलेगा। उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
पवन सिंह, थाना प्रभारी कमर्जी