
भरतपुर में कुम्हेर थाने की हवालात में रिटायर्ड फौजी प्रहलाद जाट की मौत के बाद कस्बे में तनाव के हालात बने हुए है। घटना को लेकर गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह थाने का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने कुम्हेर थाना स्टाफ को लाइन हाजिर करने, थाना प्रभारी विजय मीणा सहित अन्य दोषियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान भीड़ ने भरतपुर-डीग मार्ग पर स्थित थाने के सामने जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रहलाद जाट रात को सड़क किनारे स्थित खेत पर आवारा जानवरों से फसल की रखवाली कर रहा था। तभी पुलिस टीम उसे गिरफ्तार कर थाने ले आई।
इधर, बताया जा रहा कि कुम्हेर पुलिस ने शराब पीकर उत्पात मचाने के आरोप में धापा नगला गांव निवासी प्रहलाद चौधरी को पकड़ा था। जिसके बाद उसने रात में थाने के लॉकअप में कम्बल फाड़कर फंदा लगा लिया। पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर आरबीएम अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद से कस्बे में तनाव की स्थिति बनी हुई है। थाने के बाहर युवक के परिजनों के अलावा बड़ी संख्या में आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
परिजन सीधे तौर पर ड्यूटी के समय मौजूद पुलिसकर्मियों को हत्या का दोषी मान रहे हैं। इस बीच, हवालात में मौत की सूचना पर कलक्टर संदेश नायक, आईजी मालिनी अग्रवाल और एसपी केशरसिंह शेखावत पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। जिला कलक्टर ने कहा कि घटना की मजिस्ट्रेट जांच की जाएगी।