
टोंक. डिग्गी थाना क्षेत्र में महीने भर पहले हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस के पास पूरे साक्ष्य हैं, लेकिन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। ऐसे में मीणा समाज के लोगों ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
साथ ही चेतावनी दी कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार नहीं किया गया तो मीणा समाज की ओर से जिला मुख्यालय पर आंदोलन किया जाएगा। मीणा समाज के जिलाध्यक्ष खेमराज मीणा ने बताया कि पीपलू थाना क्षेत्र के कुरेड़ा गांव निवासी बाबूलाल पुत्र गोपाल मीणा का कुछ लोग अपहरण कर ले गए।
आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके फुटेज डिग्गी से फागी रोड स्थित होटल में लगे सीसी टीवी कैमरे में फुटेज है। वहीं कई होटल संचालकों ने पुलिस को बताया है कि आरोपी व बाबूलाल आया था। जहां झगड़ा चल रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने बाबूलाल की हत्या कर दी और शव को डिग्गी थाना क्षेत्र के एक पेड़ पर लटका दिया।
जहां पुलिस ने पहले इसे आत्महत्या माना, लेकिन परिजनों की ओर से गत 13 अगस्त को हत्या का मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज तो कर लिया, लेकिन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। इससे उनमें नाराजगी है। ज्ञापन देने वालों में मृतक के भाई रामअवतार मीणा, कमल मीणा, पप्पूलाल, छीतर, रामकिशोर, बबलू, जीतेन्द्र यादव, छोटूराम, पशुराम मीणा, कैलाश आदि शामिल थे।