
टोंक. नगर परिषद सभापति लक्ष्मीदेवी जैन के नेतृत्व में सुबह बस स्टैण्ड परिसर की सफाई की गई। देखते ही देखते कुछ ही देर में बस स्टैण्ड परिसर चकाचक हो गया। शहर के युवा, पुरुष समेत महिलाएं सफाई अभियान में शामिल हो गई। सभापति ने झाडू तथा पानी से बस स्टैण्ड की सफाई की।
सभापति लक्ष्मीदेवी जैन ने बताया कि गंदगी से वातावरण दूषित रहता है। हमें हर जगह सफाई रखनी चाहिए। सरकारी सम्पति भी हमारी ही जिम्मेदारी है। इन दिनों 49 लाख रुपए की लागत से बस स्टैण्ड परिसर में टाइल्स लगाई जा रही है।
स्टैण्ड प्रवेश पर 15 लाख रुपए की लागत से मुख्य द्वार बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा 50 लाख रुपए की लागत से शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। इस दौरान कुछ लोगों ने साइकिल स्टैण्ड पर मनमर्जी से वसूली की शिकायत की।
इस पर सभापति ने रोडवेज के मुख्य प्रबंधक दूरभाष पर बात कर कार्रवाई करने को कहा। अंत में सभापति ने तीन महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसमें प्रथम मधु गोयल, द्वितीय सन्नू सोंलकी तथा तृतीय मंजू को दिया गया।
इस दौरान शशि कला वैष्णव, विमला आजाद, सोहनी मुदडा, सुनीता साहू, रंजना, रेखा, अल्पना जोनवाल, जूली शर्मा, मीडिया संपर्क जिला प्रमुख दुर्गेश गुप्ता, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष विकार खान, रामअवतार गुर्जर, रविन्द्र गुप्ता, ओम प्रकाश अजमेरा, परवीन, सजनी चौधरी, मनोज काला, गिरधारी आदि मौजूद थे।