
प्रमोद सोनी/उदयपुर. नगर निगम द्वारा आयोजित दीपावली मेले में गुरुवार की शाम हंसने और हंसाने वाले के नाम रही। कॉमेडी के बेताज बादशाह राजू श्रीवास्तव ने अपनी कलाओं से शहरवासियों को खूब गुदगुदाया। कॉमेडी किंग राजू श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में ऐसा माहौल बना दिया कि दीपावली से पहले ही मेले में हंसी की फुलझड़ियां छूट गई हो। मेला अधिकारी श्री भोज कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ पश्चिमी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा बरेदी नृत्य से किया गया। सांस्कृतिक केंद्र की प्रस्तुतियों के बाद राजू श्रीवास्तव ने मंच पर आकर उपस्थित दर्शकों का लंबा इंतजार खत्म कर हंसने और हंसाने की बागडोर संभाली। राजू ने मंच पर आकर अपने चित परिचित अंदाज में उपस्थित दर्शकों का स्वागत किया। उन्होंने मंच पर आकर क्रिकेट, पति पत्नी के किस्सों से दर्शकों को हस हस के लोट पोट कर दिया। अमिताभ बच्चन की आवाज, गजोधर भइया पर लोगो को झुमाया, गाय बैल की बाते, कुत्तों के किस्से, समाज के प्रति कुत्तों कि सोच को सुन लोग ठहाके लगाने को मजबुर हो गए। कॉमेडी किंग ने पुराने जमाने के गानों वी नए गानों में अंतर पर भी लोगो को हंसाया। गजोधर भैया ने अनेक प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। राजू श्रीवास्तव ने पूरे कार्यक्रम में लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रखा और प्रस्तुतियों से लोटपोट कर दिया। कार्यक्रम में प्रस्तुत कि गई हर प्रस्तुतियों से दर्शक पेट पकड़ कर हसने को मजबुर हो गए। कॉमेडी किंग राजू ने अपनी उम्दा प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरी।