
प्रमोद सोनी/ उदयपुर . शहर की फतहसागर झील पर मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, राजस्थान क्रीड़ा परिषद, राजस्थान कायाकिंग और कैनोइंग एसोसिएशन के साझे में लगाए गए 10 दिवसीय ग्रीष्मकालीन शिविर का गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने उद्घाटन किया। इस मौके पर कटारिया ने कायाकिंग और कैनोइंग के लिए लाई गई 40 नावों का भी लोकार्पण किया।
फतहसागर झील के किनारे आयोजित हुए उद्घाटन समारोह में कटारिया के साथ सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो जे पी शर्मा, एमपीयूएटी के कुलपति प्रो उमाशंकर शर्मा, यूआईटी चेयरमैन रविंद्र श्रीमाली, महापौर चंद्रसिंह कोठारी, जिला खेल अधिकारी ललित सिंह झाला सहित कई लोग मौजूद रहे। उद्घाटन से पहले कटारिया ने कायाकिंग और कैनोइंग के लिए आई 40 नावों के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान जिला खेल अधिकारी ललित सिंह झाला ने कटारिया को नावों के बारे में जानकारी देते हुए उनके उपयोग के बारे में बताया। आपको बता दें कि 40 नावोंं के लोकार्पण के बाद कायाकिंग और कैनोइंग के खिलाड़ियों को यहां पर तैयारी करने में लाभ होगा। साथ ही राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट भी यहां पर हो पाएंगे। उद्घाटन के मौके पर गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने सुखाड़िया विश्वविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को लाभ होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यहां पर कायाकिंग और कैनोइंग को लेकर पिछले लंबे समय से जो मांग चली आ रही थी वह अब पूरी हो रही है जिससे यहां के खिलाड़ी इसका पूरी तरह से लाभ ले पाएंगे।