उज्जैन. 22 गरीब ब्राह्मण बेटियों का कन्यादान कराने का संकल्प लेने वाले राठी परिवार ने लगातार पांचवें साल गरीब ब्राह्मण बेटी का कन्यादान किया है। जिले के नागदा के इस परिवार ने इस साल महिदपुर सिटी के समीप गांव शक्करखेड़ी की ब्राह्मण बेटी ललिता (शिवानी) का कन्यादान करके उसे 51 हजार की सामग्री व नकद राशि का चेक भी भेंट किया है। इसमें 7 जोड़ी कपड़े, सोने का मंगल सूत्र, पायजेब, बिछुड़ी, सोने का कांटा, शृंगार सामग्री, पंखा, मिक्सर, वॉटर बोतल, 11 बर्तन दिए व 15 हजार रुपए का चेक है। इस दौरान परिवार के मनोज राठी, नीता राठी, प्रकाश राठी, प्रियंका, सुनीता राठी, घनश्याम राठी, झमक राठी, सुषमा राठी, कुणाल राठी, वैभव राठी, नेहा रठी, द्रुवी राठी, युवान राठी मौजूद थे।
22 जनवरी 2018 को मनोज की पुत्र बहू नेहा पति कुणाल राठी ने बेटी के रुप में द्रुवी का जन्म दिया था। मनोज की चार बहने शकुंतला, तृष्णा, जमना, गौतमी व दो बेटे वैभव व कुणाल है। 2018 में गौतमी की उम्र 60 साल थी। इस मान से परिवार में 60 साल बाद बेटी आई थी। परिवार में बेटी के जन्म की खुशी में द्रुवी के दादा मनोज ने उसकी जन्म तारीख के अनुसार उसकी उम्र 22 साल होने तक हर साल एक गरीब ब्राह्मण बेटी का कन्यादान करने का संकल्प लिया था। इसी संकल्प को वे पूरा कर रहे हैं। इस साल द्रुवी 5 साल की हो चुकी है। संकल्प के मुताबिक इस साल परिवार ने ५वीं बेटी के रुप में ललिता (शिवानी) का कन्यादान किया है।
अब तक इन बेटियों का किया कन्यादान
18 फरवरी 2019 को सरवन की बेटी ज्योति त्रिवेदी का कन्यादान किया था। इसके बाद 2020 में पाडल्या रोड नागदा की बेटी का जावरा जाकर कन्यादान किया था। इसके बाद प्रकाश नगर की बेटी, फिर रुपेटा और अब शक्करखेड़ी की बेटी का कन्यादान किया है।
इनकी 22 बेटियां
मनोज के दो बेटे है, बेटियां नहीं है। ऐसे में वर्ष 2040 में जब मनोज का यह संकल्प पूरा होगा तब मनोज 22 बेटियों के पिता कहलाएंगे। मनोज पहले ऐसे पिता व कुणाल, वैभव पहले ऐसे भाई होंगे। जिनकी 22 बहन-बेटियां होगी।