मालाखेड़ा में खाद्य सुरक्षा योजना से जुड़े हुए पात्र लाभार्थियों को अब मुफ्त में मिलने वाले गेहूं की परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। राशन डीलर संघ के प्रदेश व्यापी आवाहन पर 1 अगस्त से मालाखेड़ा क्षेत्र में 64 राशन डीलर पूर्ण रूप से हड़ताल पर रहेंगे। उससे पहले क्षेत्र के राशन डीलरों ने मालाखेड़ा ब्लॉक अध्यक्ष हितेंद्र प्रधान के नेतृत्व में सोमवार को आयोजित मीटिंग के दौरान करीब दो दर्जन से अधिक डीलरों ने अपनी पोस मशीन जमा कर दी। वहीं शेष रहे राशन डीलरों का कहना है कि वह भी अपनी पोस मशीन जमा करा देंगे और 1 अगस्त से पूर्ण रूप से मालाखेड़ा क्षेत्र के सभी राशन डीलर हड़ताल पर रहेंगे। ब्लॉक अध्यक्ष हितेंद्र प्रधान ने बताया प्रदेशव्यापी आह्वान पर वह संघ के साथ सरकार के खिलाफ हैं जिसके चलते 1 अगस्त से हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने सरकार को यह भी चेतावनी दी है कि 30000 रुपये प्रति महीने देने के अलावा गेहूं लाने व वितरण में होने वाली छीजत को आवंटन में से कम किया जाए। तथा वितरण के आधार पर कमीशन प्रत्येक महीने दिया जाए, सहित अन्य मांगों को नहीं माना गया तो धरना प्रदर्शन और भूख हड़ताल की जाएगी।