
पुराने प्रस्ताव शामिल नहीं तो नहीं होने देंगे परिषद की बैठक
विदिशा@भूपेंद्र मालवीय की रिपोर्ट...
नगरपालिका में अक्टूबर माह में हुई बैठक निलंबित होने के बाद अब आगामी बैठक के लिए चल रही तैयारियों को लेकर भी विरोध के स्वर उभर लगे हैं।
इस होने वाली बैठक को लेकर भाजपा सहित अन्य पार्षदों का कहना है कि इसमें पूर्व में निलंबित बैठक के प्रस्तावों को शामिल नहीं किया जा रहा। यह सभी विकास के प्रस्ताव थे और इनमें जरूरी प्रस्तावों को अगर आगामी बैठक में शामिल नहीं किया गया तो बैठक का बहिष्कार होगा।
मालूम हो कि विधानसभा चुनाव के बाद से नपाध्यक्ष मुकेश टंडन एवं विधायक शशांक भार्गव के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है। पूर्व बैठक को विधायक की शिकायत पर निलंबित करने के बाद यह टकराव और अधिक बढ़ गया। नपाध्यक्ष नगरपालिका क्षेत्र में विधायक के हस्तक्षेप को विकास कार्य में अवरोध पैदा करना मानते आए हैं, जबकि विधायक नियमानुसार कार्य एवं पूर्व के लंबित कार्यों को पूरा कराने की बात कहते आए हैं।
इन दो बड़ों के आपसी टकराव से पार्षद-पिस रहे और उनके वार्डों के विकास कार्य अवरुद्ध हैं। शहर में सड़कों, नाले, नालियों, सफाई व अन्य बुनियादी सुविधाओं के कार्य रुके होने से नागरिकों में भी असंतोष बढ़ रहा है। पुराने प्रस्तावों के पक्ष में भाजपा के साथ ही कुछ कांगे्रस पार्षद भी नपा परिषद की आगामी बैठक 6 दिसंबर को होना मानी जा रही, लेकिन यह तारीख बढ़ भी सकती है।
नपा पार्षदों का कहना है कि पूर्व की बैठक में 80 से अधिक विकास कार्यों के प्रस्ताव थे। इन प्रस्तावों को इस बैठक में शामिल नहीं किए जाने की बात कही जा रही। यह सभी जरूरी कार्य के प्रस्ताव है इसलिए इन्हें प्रमुखता के साथ बैठक में रखा जाना चाहिए।
नहीं तो होगा बहिष्कार दलगत राजनीति से हटकर विकास कार्यों से वास्ता रखने वाले पार्षदों का यहां तक कहना है कि अगर विकास के इन पूर्व प्रस्तावों को आगामी बैठक के एजेंडे में शामिल नहीं किया गया तो वे बैठक के एक दिन पूर्व ही अपनी राय जाहिर कर देंगे और बैठक में शामिल नहीं होंगे। वहीं भाजपा पार्षदों का कहना है कि सभी जरूरी कार्यों के प्रस्ताव हैं और यह प्रस्ताव एजेंडे में छोड़े गए तो बैठक का बहिष्कार किया जाएगा।
पूर्व बैठक में यह थे प्रमुख प्रस्ताव
- बाल विहार पार्क का पुन: विकास कार्य, कालीदास रंगमंच निर्माण, पुस्तकालय एवं दुकानों का निर्माण।
- बेतवा नदी स्थित बढ़वाले घाट, रामघाट व अन्य घाटों का सौंदर्यीकरण।
- शहर की जलापूर्ति के हलाली बांध से पाइप लाइन द्वारा पानी लाने की कार्य योजना।
- सुआखेड़ी में 9-855 हैक्टेयर में गौशाला निर्माण।
- मैथलीशरण गुप्त उद्यान का विकास एवं गुप्त की प्रतिमा लगाए जाने।
- हाइवे स्थित बेतवा व बैस नदी स्थित पुलों पर प्रकाश व्यवस्था।
- शहर के विभिन्न वार्डों में सड़कों, गलियां, नाले-नालियों आदि से संबंधित करीब 87 कार्य इस एजेंडे में शामिल थे।
कालिदास रंगमंच, सावरकर बाल विहार का विकास, हलाली को पाइप लाइन के जरिए बेतवा से जोडऩा व अन्य जरूरी कार्य यदि एजेंडे में शामिल नहीं रहे तो बैठक का बहिष्कार होगा।
- केके गुप्ता, पार्षद, भाजपा
बैठक नियमों को लेकर निलंबित हुई थी। इसमें प्रस्तावों को निलंबित मानना ठीक नहीं। अगर एजेंंडे में इन प्रस्तावों की अनदेखी हुई तो बैठक में पार्षदों के जाने का कोई मतलब नहीं रह जाएगा।
- राजेश नेमा, नेता प्रतिपक्ष, नपा
बैठक की तारीख एक-दो दिन में तय की जाएगी। इसमें पूर्व बैठक के प्रस्ताव नहीं रखे जा सकेंगे। यह प्रस्ताव शासन की अनुमति आने पर ही रखे जा सकते हैं।
- सुधीरसिंह, सीएमओ
बैठक का एजेंडा पार्षदों की राय से बनाया जाएगा। पार्षदों के प्रस्तावों में अगर कोई नियम आड़े आएगा तो यह बैठक नहीं होगी। इसे आगामी समय के लिए बढ़ा दिया जाएगा।
- मुकेश टंडन, अध्यक्ष, नपा
Published on:
28 Nov 2019 10:37 pm
