अग्रवाल एकेडमी से लेकर मिर्जापुर बायपास तक कम से कम सौ जगह पर इस तरह का अतिक्रमण है, जहां सरकारी निशानों को मिटाकर आगे तक फेंसिंग कर लोगों ने खेती कर रखी है। कई जगह अस्थाई अतिक्रमण तो कई जगह स्थाई अतिक्रमण भी खूब हो गया है। तत्कालीन एसडीएम आरपी अहिरवार ने 2016-17 में बायपास के दोनों ओर सैंकड़ों पौधे लगवाकर उन्हें ट्री गार्ड से संरक्षित कराया था। इसमें नगर के सेवाभावी और पर्यावरण से जुड़े लोगों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया था। लेकिन उसके बाद बायपास के अतिक्रमण और इस पौधरोपण को नजरअंदाज किया जाता रहा। बीच में दो बार अतिक्रमण विरोधी मुहिम बायपास पर चली, लेकिन एक-दो दिन काम कर और चंद अतिक्रमण हटाकर अगले दिन पर टाल दिया गया, जो अगला दिन फिर कभी नहीं आया। यही कारण है कि बायपास के दोनों ओर कदम-कदम पर लोगों ने अपने चीरे, फेसिंग, बागड़ लगाकर खेती शुरू कर दी है और पक्के निर्माण भी कर लिए हैं। इस पूरी प्रक्रिया में प्रशासन द्वारा पूर्व में लगाए गए पौधे और ट्री गार्ड गायब कर दिए गए।