जोधपुर।
राजपुरोहित समाज के आराध्य खेतेश्वर महाराज की 111वीं जयंती शनिवार को धूमधाम से मनाई गई।शोभायात्रा में देवी-देवताओं के अलावा विभिन्न झांकियों ने पर्यावरण संरक्षण व नशामुक्ति का संदेश दिया। साथ ही, अंतिम झांकी स्वच्छता की निकाली गई, जिसमें राजपुरोहित समाज के लोगों ने मार्ग की सफाई कर सफाई के प्रति जागरुकता का संदेश दिया। वहीं, दिल्ली से मनोज रिया ग्रुप की आई झांकी ने लोगों को आकर्षित किया। शोभायात्रा ब्रह्मधाम आसोतरा के गादीपति ब्रह्म सावित्री सिद्ध पीठाधीश्वर संत तुलसाराम के सानिध्य में निकाली गई। शोभायात्रा में 70 से अधिक झांकियां शामिल हुई। शोभायात्रा 12वीं रोड चौराहा स्थित संत खेतेश्वर मार्ग से रवाना हुई। जो पांचवी रोड, जालोरी गेट, रेलवे स्टेशन, ओलंपिक तिराहा, सरदारपुरा सी रोड, जलजोग चौराहा, 12 वी रोड रावण का चबूतरा पहुंचकर संपन्न हुई। शोभायात्रा का अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया। शोभायात्रा के बाद महाप्रसादी हुई व संतों के प्रवचन हुए। जिसमें बड़ी संख्या में राजपुरोहित समाज के लोगों ने भाग लिया।
——
गांवों से शामिल हुए समाज के लोग
शोभायात्रा में गावों से भी समाज के लोग पहुंचे। समाज बंधुओं ने पारंपरिक वेशभूषा धोती-कुर्ता और सिर पर केसरिया साफा पहन शोभायात्रा में भाग लिया। जयंती महोत्सव समिति अध्यक्ष श्यामसिंह चाडवास ने बताया कि शोभायात्रा के बाद उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजबंधुओं को सम्मानित किया गया।
—————————-
ये थे मौजूद
मंच पर शहर विधायक मनीषा पंवार, महापौर कुंती देवड़ा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेश जोशी, महिला बाल संरक्षण आयोग अध्यक्ष संगीता बेनीवाल, गौ सेवा आयोग के सुमेरसिंह कनोडिया, पार्षद इंदिरा राजपुरोहित सहित कई जनप्रतिनिधि पहुंचे, जिनका समाज की ओर से दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।