10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मोटिवेशन : जीवन में अपनाएं सकारात्मक सोच

जीवन की मुश्किलों ने हमें यह मान लेने पर मजबूर कर दिया है कि पॉजिटिव सोच संभव ही नहीं है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

Amanpreet Kaur

•

Updated: 12 Mar 2018, 10:52 AM IST

positivity

positivity

जीवन की मुश्किलों ने हमें यह मान लेने पर मजबूर कर दिया है कि पॉजिटिव सोच संभव ही नहीं है। जबकि सच यह है कि पॉजिटिव रहने की आदत हो तो मुश्किलों में भी खुश रहा जा सकता है। हर पल खुश रहने वालों को देखकर मन में यह सवाल जरूर खलबली मचाता है कि आखिर इनकी खुशी का राज क्या है। यह जानना वाकई दिलचस्प है कि इसके पीछे कोई रॉकेट साइंस नहीं है, बल्कि सकारात्मक रवैया है, जो हमेशा खुश रखने में मददगार है। तो क्यों न पॉजिटिविटी को अपनी आदत बना लें और खुशी को अपना हमसफर।

आपको अपने चारों ओर सकारात्मकता जिस भी रूप में दिखाई दे, उसे तुरंत अपना लें। आप सकारात्मक हो जाएंगी।

प्रेरक किताब पढ़ें

पढऩे की शौकीन हैं तो प्रेरणादायक किताब पढ़ें। इससे आप सकारात्मक सोच सकेंगी। अगर किताबें पढऩा आपको पसंद नहीं है तो कुछ प्रेरक लेख या ब्लॉग पढ़ सकती हैं। रोज पढऩे की आदत डालेंगी तो खुद को लगातार सकारात्मक सोचने और उसे अपने व्यवहार में तब्दील करने की राह आसान बना सकेंगी।

शुक्रगुजार बनें

जीवन में आपको जो कुछ मिला है उसके लिए पूरे दिल से भगवान का शुक्रिया अदा करें। हो सकता है आपको अकूत धन-दौलत न मिली हो लेकिन भरा-पूरा परिवार, बच्चे, दोस्त, काम और आजादी जैसी कई चीजें हैं, जिनके लिए आप शुक्रगुजार हो सकती हैं। याद रखें कि अच्छी सेहत से बड़ी दौलत तो दूसरी है ही नहीं, अच्छी सेहत के लिए आभार मानें। आभार व्यक्त करके पॉजिटिविटी को आदत बनाया जा सकता है।

सकारात्मक बात रोज लिखें

दिनभर में कई सकारात्मक बातें होती हैं। दिन भले ही कितना भी मुश्किल हो कुछ अच्छी बातें तो जरूर होती हैं। बस इन्हीं बातों में से एक सकारात्मक बात जरूर लिख लें। आपको खुद ही महसूस होगा कि पॉजिटिव होना इतना भी मुश्किल नहीं है। तो अगली बार जब भी हताशा का सामना करें तो इसे आजमाएं, कुछ ही पलों में आपका मूड अच्छा हो जाएगा। इन पलों में पुरानी सकारात्मक बातें भी पढ़ डालें, आपको और अच्छा लगेगा।

नकारात्मक लोगों से दूर रहें

नकारात्मक लोगों की संगत में रहकर पॉजिटिव सोचना मुश्किल है। इसे ध्यान में रखते हुए सकारात्मक लोगों के साथ समय व्यतीत करें और उनकी इस विशेषता की प्रशंसा भी करें। पॉजिटिव लोग न केवल आपको लक्ष्य हासिल करने में मदद करेंगे, बल्कि आपको भी पॉजिटिव रहने के लिए प्रेरित करेंगे। इसलिए अपने आस-पास से नकारात्मक लोगों को हटा दें और उनकी जगह सकारात्मक लोगों को अपनी जिंदगी में स्थान दें।

मेडिटेशन अपनाएं

मानसिक और शारीरिक सेहत के लिए मेडिटेशन बहुत ही फायदेमंद है और पॉजिटिविटी को आदत बनाने में बेहद मददगार भी। रोज 15 मिनट के लिए ध्यान लगाएं, फर्क आप खुद ही महसूस करने लगेंगी। रोजाना करने पर आप जीवन की हर छोटी.छोटी खूबसूरती को देख पाने में समर्थ होंगी और इससे आपको ज्यादा खुश और पॉजिटिव रहने की प्रेरणा भी मिलेगी।

रिमाइंडर लगाएं

आपको सकारात्मक रहने की याद दिला सकें, ऐसे रिमाइंडर सेट करें। इसके लिए आप कागज के छोटे टुकड़ों पर प्रेरक कोटेशन्स लिखकर घर में ऐसी जगह चिपका सकती हैं, जहां आप उन्हें रोज देख सकें जैसे ड्रेसिंग टेबल या आपके बेड के नजदीक। रोज सुबह इन्हें देखकर आपको याद रहेगा कि दिनभर पॉजिटिव रहना है।