21 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आपके बेहतरीन एम्प्लॉइज हैं आपके असेट, ऐसे निखारें उनकी काबिलियत

एक एंटरप्रेन्योर के रूप में सफलता हासिल करने के लिए आपको अपने सभी एम्प्लॉइज को भी आगे बढ़ाना होगा और उन्हें टैलेंट निखारने का मौका देना होगा।

3 min read
Google source verification

image

Amanpreet Kaur

Apr 28, 2018

employees

employees

एक एंटरप्रेन्योर के रूप में सफलता हासिल करने के लिए आपको अपने सभी एम्प्लॉइज को भी आगे बढ़ाना होगा और उन्हें टैलेंट निखारने का मौका देना होगा। यह बात सौ फीसदी सच है कि एक एंटरप्रेन्योर की सफलता के पीछे उसकी टीम का बहुत बड़ा हाथ होता है। कोई भी एंटरप्रेन्योर सिर्फ अपने बल पर सफलता हासिल नहीं कर सकता। इसके लिए उसे अपनी टीम का साथ चाहिए होता है। हालांकि, एक एंटरप्रेन्योर होने के नाते यह आपकी जिम्मेदारी बनती है कि आप अपने एम्प्लॉइज के टैलेंट को और निखारें और उन्हें बेहतर बनाते रहें। आइए जानते हैं कि आप अपनी टीम की काबिलियत को किस तरह से निखार सकते हैं -

टॉप टैलेंट को हायर करें

अपने बिजनेस को सफलता हासिल करवाने के लिए जरूरी है कि आप अपनी टीम में टॉप टैलेंट को हायर करने पर जोर दें। इसके लिए आपको सिर्फ आवेदकों के रेज्यूमे को ही आधार नहीं बनाना होगा बल्कि आपको यह भी देखना होगा कि आप जिस कैंडिडेट का इंटरव्यू ले रहे हैं, वह आपकी कंपनी के माहौल में फिट बैठता है या नहीं। दूसरे शब्दों में कहें तो आपको ऑफिस में हायरिंग प्रक्रिया के दौरान कैंडिडेट्स के रेज्यूमे के साथ-साथ ह्यूमन एलिमेंट को भी ध्यान में रखना होगा।

एम्प्लॉई प्रोफाइल्स रखें

एक बार सही कैंडिडेट्स को हायर करने के बाद आपको यह सुनिश्चित करना होगा कि आप उन्हें उनके मुताबिक सही पोजिशन असाइन करें। आप एक सोशल मीडिया मैनेजर को अपने अकाउंट्स संभालने का काम पर नहीं रख सकते। इसके साथ ही आपको उन्हें उनकी स्किल्स को विकसित करने के लिए प्रोत्साहित भी करना होगा। इसके लिए आपको उनके प्रोफाइल्स अपने साथ रखने होंगे ताकि आपको यह पता रहे कि कब किस टीम मेंबर ने कोई नई स्किल या अनुभव हासिल किया है। इससे आपको एम्प्लॉइज के बारे में पूरी जानकारी रहेगी और इससे एम्प्लॉइज को भी काफी फायदा होगा।

उन्हें आगे बढऩे का मौका दें

अपने टीम मेंबर्स के टैलेंट को निखारने के लिए आपको उन्हें उनकी स्किल्स को बेहतर बनाने का पूरा मौका देना चाहिए। इसके साथ ही आपको उन्हें स्ट्रेच गोल्स के जरिए आगे बढऩे का भी मौका देना चाहिए। इसके लिए आप उन्हें नई जिम्मेदारियां दे सकते हैं जैसे उन्हें अगली मीटिंग होस्ट करने देना आदि। इससे आपके एम्प्लॉइज को कुछ नया सीखने को मिलेगा और इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा जो कि आगे बढऩे के लिए बहुत जरूरी है। जब वह खुद की काबिलियत को निखारेंगे, तब वह न सिर्फ खुद को आगे बढ़ाएंगे बल्कि किसी न किसी रूप में आपकी कंपनी को भी फायदा पहुंचाएंगे।

व्यक्तिगत लक्ष्यों को समझें

एक एंटरप्रेन्योर होने के नाते आपको अपनी टीम के साथ बातचीत कर उसे जानने की कोशिश करनी चाहिए। आपको समय लेकर टीम के हर शख्स की परफॉर्मेंस और उसके लॉन्ग-टर्म गोल्स को समझना चाहिए। इससे आपको यह समझने में मदद मिलेगी कि आप किसी भी एम्प्लॉई को किस तरह रिवॉर्ड और प्रोत्साहित कर सकते हैं। उदाहरण के तौर पर अगर आपका कोई एम्प्लॉई अपनी स्किल्स को बेहतर करने के लिए आगे पढ़ाई करना चाहता है तो आप उसे छुट्टियां दे सकते हैं और वापस आने पर उसकी काबिलियत के आधार पर नौकरी दे सकते हैं। इससे आप अपने टैलेंटेड एम्प्लॉई को जाने से रोकते हैं।

कंपनी कल्चर को बेहतर करें

दरअसल, कंपनी कल्चर आपके बिजनेस की पर्सनेलिटी को दर्शाता है और हायरिंग प्रक्रिया के दौरान अहम योगदान देता है। कोई भी एम्प्लॉई आपकी कंपनी के साथ क्यों जाना चाहता है, इसका एक मुख्य कारण होता है आपका कंपनी कल्चर। आपको अपने एम्प्लॉइज को एक ऐसा कंपनी कल्चर देना होता है जिसमें वह रहना चाहें। कंपनी कल्चर को बेहतर बनाने के लिए आपको सबसे पहले सही लोगों को चुनना होता है जिन्हें अपनी वैल्यू और मिशन पता हो। इसके साथ ही आपको उन्हें उनके आइडियाज पर उनके तरीके से बिना रोक-टोक के काम करने देना होता है जिससे वह खुद को बेहतर बना पाते हैं।

टीम पर विश्वास करें

भले ही आपको इस बात का अहसास न हो लेकिन आपके टीम मेंबर्स आसानी से बता सकते हैं कि आप उन पर विश्वास करते हैं या नहीं। वह आपकी बॉडी लैंग्वेज, आई कॉन्टैक्ट, बातचीत और निर्णयों से यह बता सकते हैं। जब आप अपने एम्प्लॉइज पर भरोसा जताते हैं, तब आप यह दिखाते हैं कि आप उनकी कितनी सराहना और कीमत करते हैं। इसके लिए आप एक हैंडरिटन थैंक-यू नोट से लेकर किसी एम्प्लॉई को अवॉर्ड भी दे सकते हैं। इससे आपके सभी एम्प्लॉइज को अच्छा लगता है और वह पूरी मेहनत के साथ अपने कामों को पूरा करते हैं।

उनसे हमेशा जुड़े रहें

एक एंटरप्रेन्योर होने के नाते आपकी यह जिम्मेदारी बनती है कि आप हमेशा अपनी टीम से जुड़े रहें। भले ही आपकी कोई टीम किसी दूर-दराज के इलाके में काम कर रही हो लेकिन आपको उस टीम के साथ भी नियमित रूप से जुड़े रहना चाहिए। आपको यह समझना चाहिए कि हर टीम मेंबर अपने आप में अलग होता है और कंपनी के लिए कुछ अलग लेकर आता है। इसके साथ-साथ आप सब एक समान लक्ष्य के लिए काम कर रहे होते हैं। अत: जरूरी है कि आप हमेशा अपने एम्प्लॉइज के साथ जुड़े रहें।