Pakistan Jail: पाकिस्तान के कराची शहर में सोमवार देर रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। मलीर जिला जेल, जिसे 'बच्चा जेल' के नाम से भी जाना जाता है, से 216 कैदी भूकंप के कारण उत्पन्न अफरातफरी का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस घटना ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया है। जेल प्रशासन के अनुसार, कराची में पिछले 48 घंटों में 9 से 11 बार भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिनकी तीव्रता 2.6 से 3.6 रिक्टर स्केल के बीच थी। इन झटकों के कारण जेल की बाहरी दीवार कमजोर हो गई थी। सोमवार रात जब कैदियों को सुरक्षा कारणों से बैरकों से बाहर निकाला गया, तभी कुछ कैदियों ने गार्ड्स पर हमला कर हथियार छीन लिए और दीवार तोड़कर भाग निकले।