
बेल्जियम में इमारत में लगी आग (Photo - Washington Post)
बेल्जियम (Belgium) के एंटवर्प (Antwerp) शहर में आज एक आवासीय इमारत में आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। यह घटना शहर के लिंकेरोएवर इलाके में घटित हुई, जहाँ एक 10 मंजिला आवासीय इमारत में आग लगने का मामला सामने आया। आग इतनी भीषण थी कि धुएं का गुबार छा गया। बताया जा रहा है कि आग शुरू में 8वीं मंजिल पर लगी और कुछ देर में ही आग की लपटें और धुआं फैलने लगा, जिससे चीख़पुकार मच गई। जानकारी के अनुसार इस आवासीय इमारत में करीब 80 फ्लैट थे और 200 से ज़्यादा लोग रहते थे।
इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। मरने वालों की पहचान अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन परिवारों को सूचित किया जा रहा है। मरने वालों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। कई लोग इस हादसे में घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग लगने की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आग बुझाने में लग गई। इसके साथ ही फायरफाइटर्स ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करते हुए लोगों को सुरक्षित निकालने का काम भी शुरू कर दिया। सीढ़ियों और रस्सियों की मदद से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इमारत के अंदर काफी ज़्यादा धुआं होने की वजह से विज़िबिलिटी काफी कम हो गई थी, जिस वजह से आग को बुझाने में मुश्किल हुई।
पुलिस ने जानकारी दी कि इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर तकनीकी खराबी की वजह से आग लगी। हालांकि मामले की जांच जारी है, जिससे आग लगने के सटीक कारण का पता लगाया जा सके।
बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर (Bart De Wever) ने इस हादसे पर शोक जताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, "लिंकेरोएवर में लगी भयानक आग से प्रभावित लोगों और वहाँ से निकाले गए निवासियों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं उन आपातकालीन सेवाओं का बहुत आभारी हूं जिन्होंने प्रभावित लोगों की जल्द से जल्द और सुरक्षित रूप से मदद करने की कोशिश की और आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मेहनत की।"
Published on:
01 Jul 2026 10:59 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
