
इंडोनेशिया के पापुआ क्षेत्र में पश्चिम पापुआ राष्ट्रीय मुक्ति सेना के विद्रोहियों ने विमान में आग लगा दी। ( सांकेतिक फोटो: AI)
American Pilot Shot Dead in IndonesiaAircraft Set on Fire: इंडोनेशिया के अशांत पूर्वी इलाके पापुआ में गुरुवार को विद्रोहियों ने एक अमेरिकी पायलट की गोली मार कर हत्या कर दी और एक नागरिक विमान में आग लगा दी। एक स्थानीय अलगाववादी समूह के प्रवक्ता ने इसे अमेरिकी और इंडोनेशियाई सरकारों को विद्रोहियों का एक सख्त मैसेज बताया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हथियारबंद अलगाववादी गुट 'वेस्ट पापुआ नेशनल लिबरेशन आर्मी' के प्रवक्ता सेब्बी सैंबोम ने बताया कि उनके लड़ाकों ने अमेरिकी पायलट निकोलस एफ.गोसेलिन की गोली मार कर हत्या कर दी और पापुआ प्रांत के याहुकिमो इलाके में उनके विमान के उतरने के बाद उसमें आग लगा दी। उन्होंने कहा कि यह विमान लगातार इंडोनेशियाई सेना के जवानों को उतार रहा था और टीपीएनपीबी की चेतावनी का उल्लंघन कर रहा था।'
पापुआ में इंडोनेशिया के संयुक्त पुलिस-मिलिट्री ऑपरेशन के प्रवक्ता योसेस सुतेजो ने बताया कि याहुकिमो में एक अमेरिकी पायलट सात यात्रियों को लेकर एक स्थानीय विमान उड़ा रहा था, तभी विमान को जला दिया गया; हालांकि उन्होंने इस बात की पुष्टि नहीं की कि विद्रोहियों ने उस पर हमला किया था या पायलट की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि सभी यात्री पापुआ के नागरिक थे।
सेब्बी ने कहा कि याहुकिमो के बालिंगगामा जिले में हुआ हमला इंडोनेशियाई और अमेरिकी सरकारों के लिए एक संदेश था कि वे 'इंडोनेशियाई सेना और पश्चिम पापुआ राष्ट्रीय मुक्ति सेना के बीच पापुआ में चल रहे संघर्ष के मूल कारणों का समाधान करने में विफल रहे हैं।' सेब्बी ने चेतावनी दी कि यदि इंडोनेशिया पापुआ के विद्रोही-नियंत्रित 'रेड जोन' में नागरिक विमानों को प्रवेश करने की अनुमति देता रहा, तो विद्रोही हमले शुरू कर देंगे।
टीपीएनपीबी की ओर से जारी एक वीडियो के अनुसार, विद्रोहियों ने बंदूकों और सिक्कों से स्वतंत्रता के प्रतीक 'मॉर्निंग स्टार' चिन्ह बनाए और हमले की घोषणा करते हुए झंडा फहराया। जकार्ता स्थित अमेरिकी दूतावास ने सेना के संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इंडोनेशिया के परिवहन मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि विमान में एक पायलट और सात यात्री सवार थे और वह पापुआ के पहाड़ी इलाके के एक शहर वामेना से याहुकिमो जा रहा था। बताया गया कि विमान के उतरने के बाद संचार बंद हो गया।
गौरतलब है कि एक हाई-प्रोफाइल मामले में पापुआ के विद्रोहियों ने न्यूजीलैंड के पायलट फिलिप मेर्टेन्स को तब अगवा कर लिया, जब उन्होंने पापुआ के दूरदराज पहाड़ी इलाके नडुगा में एक छोटा कॉमर्शियल विमान उतारा था, उन्हें 2024 में रिहा कर दिया गया था।
Updated on:
02 Jul 2026 06:05 pm
Published on:
02 Jul 2026 06:05 pm
