
एपस्टीन फाइल में डोनाल्ड ट्रंप। (फोटो- वाशिंगटन पोस्ट)
अमेरिका के न्याय विभाग द्वारा हाल ही में जारी जेफरी एपस्टीन (Jeffrey Epstein) से संबंधित फाइलों को लेकर हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। दुनिया भर में इसे लेकर विवाद और चर्चा तेज है। जेफरी एपस्टीन से कथित संबंधों को लेकर डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) भी आलोचकों के निशाने पर हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एपस्टीन के साथ अपने संबंधों को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब दिया है।
एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, “मेरे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। मुझे निर्दोष साबित कर दिया गया है। जेफरी एपस्टीन से मेरा कोई लेना-देना नहीं है।” उन्होंने आगे कहा, “वे (बिल क्लिंटन और कई अन्य डेमोक्रेट) उम्मीद कर रहे थे कि उन्हें कुछ मिलेगा, लेकिन उन्हें बिल्कुल उल्टा मिला। वे खुद इसमें घिरते जा रहे हैं। यह उनकी समस्या है… क्लिंटन और कई अन्य डेमोक्रेट इसमें फंस गए हैं।”
जेफरी एपस्टीन फाइलों के संबंध में अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस (DoJ) का कहना है कि अब उसके पास जारी करने के लिए कोई अतिरिक्त फाइल नहीं है। हालांकि, कई अमेरिकी सांसदों ने आंतरिक सरकारी मेमो, नोट्स और ईमेल सार्वजनिक न करने को लेकर डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस की कड़ी आलोचना की है।
इस बीच, हिलेरी क्लिंटन (Hillary Clinton) ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन पर एपस्टीन से जुड़ी फाइलों के मामले में “कवर-अप” (मामला दबाने) का आरोप लगाया है। बर्लिन में आयोजित वार्षिक वर्ल्ड फोरम में बीबीसी से बातचीत के दौरान पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, “फाइलें जारी कीजिए। वे इसे जानबूझकर धीमा कर रहे हैं।”
कथित तौर पर 1980 के दशक के अंत में जेफरी एपस्टीन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच परिचय शुरू हुआ। न्यूयॉर्क मैगजीन को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा था कि वह एपस्टीन को लगभग 15 वर्षों से जानते हैं। इससे संकेत मिलता है कि दोनों की पहली मुलाकात करीब 1987 के आसपास हुई होगी।
1990 के दशक की शुरुआत में दोनों को कई कार्यक्रमों में साथ देखा गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 1993 में ट्रंप की मार्ला मेपल्स के साथ हुई शादी में एपस्टीन शामिल हुए थे। उसी वर्ष न्यूयॉर्क में हार्ले डेविडसन कैफे के उद्घाटन समारोह में भी दोनों साथ नजर आए थे।
1999 में न्यूयॉर्क में आयोजित विक्टोरिया सीक्रेट (Victoria’s Secret) के एक फैशन इवेंट में भी दोनों को बातचीत करते हुए देखा गया था। उस वक्त मीडिया में प्रकाशित तस्वीरों के अनुसार, वर्ष 2000 में मार-ए-लागो में आयोजित एक चैरिटी कार्यक्रम में ट्रंप, एपस्टीन, घिस्लेन मैक्सवेल और प्रिंस एंड्रयू एक साथ दिखाई दिए थे।
दो साल बाद एक मैगजीन को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने एपस्टीन को शानदार व्यक्ति बताया था। मैगजीन के अनुसार, उस समय ट्रंप ने यह भी कहा था कि “उन्हें खूबसूरत महिलाएं उतनी ही पसंद हैं जितनी मुझे, और उनमें से कई कम उम्र की होती हैं।”
Published on:
17 Feb 2026 10:47 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
