
यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन(Photo- Official X)
US-Israel Conflict: ईरान और US-इजरायल के बीच 28 फरवरी से शुरू हुई जंग जारी है। वैश्विक स्तर पर इस जंग का असर दिख रहा है। अब यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ईरान-इजरायल जंग (Iran-Israel War) को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। उर्सुला वॉन ने कहा कि ईरानी हमलों की वजह से वैश्विक आर्थिक स्थिरता खतरे में पड़ रही है।
यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ईरान-इजरायल जंग की वजह से वैश्विक स्तर पर होने वाले संभावित खतरे को लेकर चेतावनी दी है। उर्सुला वॉन ने ईरान-इजरायल युद्ध की वजह से मिडिल ईस्ट में बने तनाव के हालातों पर चर्चा की है। यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी है।
उर्सुला वॉन ने लिखा- कीर स्टार्मर के साथ अच्छी बातचीत हुई। हमने कीर स्टार्मर से होर्मुज स्ट्रेट और मध्य पूर्व की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने आगे लिखा कि ईरान की कार्रवाई वैश्विक आर्थिक स्थिरता को खतरे में डाल रही है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए अपने साझेदारों के साथ काम करेंगे कि नेविगेशन की स्वतंत्रता जल्द से जल्द फिर से शुरू हो सके। हमने आगामी EU-UK शिखर सम्मेलन पर भी चर्चा की है। पिछले साल की प्रतिबद्धताओं को पूरा करने एवं हमारी साझेदारी को और मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण क्षण है।
यूरोपीय कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ब्रिटेन के PM कीर स्टार्मर से बातचीत के बाद अहम जानकारी दी है। उर्सुला वॉन ने सोशल मीडिया पर बताया कि जहाजों की आजादी बहाल करने और होर्मुज स्ट्रेट का रास्ता खोलने के लिए ब्रिटेन बड़ी समिट होस्ट करेगा। यह समिट वर्चुअल होगी और इसमें 35 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
ब्रिटेन में वर्चुअली होने वाली समिट में जरूरी जलमार्ग होर्मुज स्ट्रेट (Hormuz Strait) को फिर से खोलने के लिए डिप्लोमैटिक व पॉलिटिकल विकल्पों पर विस्तार से चर्चा होगी। यह पहल ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने यूरोपीय सहयोगियों की आलोचना की है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने बुधवार शाम को देश के नाम करीब 20 मिनट का संबोधन किया। इस दौरान ट्रंप ने हॉर्मुज स्ट्रेट पर अमेरिका की कम निर्भरता को रेखांकित किया और कहा कि यूरोपीय देशों को अब अपने लिए लड़ना सीखना चाहिए। ट्रंप ने इस प्रमुख जलमार्ग के बंद होने के वैश्विक प्रभाव को कम करके आंका और कहा कि अमेरिका को इसकी जरूरत नहीं है।
हॉर्मुज स्ट्रेट को खोलने के लिए ब्रिटेन में होने वाली समिट में 35 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस बाबत ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने बुधवार को कहा- ब्रिटेन की विदेश मंत्री यवेट कूपर इस मीटिंग की मेजबानी करेंगी। स्टार्मर ने कहा- यह पहली बार होगा, जब हॉर्मुज स्ट्रेट से जुड़ी चिंताओं पर सभी संबंधित देश एक साथ बैठेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि हम सभी संभावित डिप्लोमैटिक और पॉलिटिकल उपायों पर विचार करेंगे, ताकि नेविगेशन की आजादी को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके। हालांकि, स्टार्मर ने साफ चेतावनी दी कि यह आसान नहीं होगा। हॉर्मुज स्ट्रेट विश्व के तेल व्यापार का अहम रास्ता है और इसका बंद होना वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गहरा असर डाल रहा है। यूरोपीय संघ और ब्रिटेन दोनों ही ईरान की कार्रवाइयों को वैश्विक आर्थिक स्थिरता के लिए खतरा मानते हैं।
Updated on:
02 Apr 2026 06:02 pm
Published on:
02 Apr 2026 06:02 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
