29 जून 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जर्मनी के स्टेडे शहर में ताबड़तोड़ फायरिंग, 5 लोगों की मौत, 2 आरोपी गिरफ्तार

जर्मनी के स्टेडे शहर में यूथ वेलफेयर सेंटर के पास हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में 5 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Jun 29, 2026

Germany Shooting

जर्मनी के स्टेडे शहर में ताबड़तोड़ फायरिंग (प्रतीकात्मक फोटो - जनरेटेड बाई चैटजीपीटी)

Germany Shooting: जर्मनी के उत्तरी शहर स्टेडे में सोमवार को हुई सामूहिक गोलीबारी ने पूरे देश को झकझोर दिया। पुलिस के अनुसार, एक यूथ वेलफेयर सेंटर के पास हुई फायरिंग में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। घटना के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे इलाके में बड़े स्तर पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

यूथ वेलफेयर सेंटर के पास चली गोलियां

पुलिस के मुताबिक, स्टेडे शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक यूथ वेलफेयर सेंटर के पास अचानक गोलियां चलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाके को घेर लिया और लोगों से सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल से दूर रहने की अपील की।

स्टेडे पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी संदेश में कहा, "अपनी सुरक्षा के लिए कृपया इस इलाके से दूर रहें और पुलिस के निर्देशों का पालन करें।"

5 लोगों की मौत, कई घायल

पुलिस ने पुष्टि की है कि इस गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा कई अन्य लोग घायल हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।

दो संदिग्ध गिरफ्तार

समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक, पुलिस ने घटना के सिलसिले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अभी गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

हैम्बर्ग के पास स्थित है स्टेडे

स्टेडे शहर जर्मनी के उत्तरी हिस्से में हैम्बर्ग के पश्चिम में स्थित है। करीब 50 हजार आबादी वाले इस शहर को आमतौर पर शांत इलाका माना जाता है। सामूहिक गोलीबारी की इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

जर्मनी में कम होती हैं ऐसी घटनाएं

जर्मनी में अमेरिका की तुलना में हथियारों से जुड़े कानून काफी सख्त हैं। यहां 25 वर्ष से कम उम्र के किसी भी व्यक्ति को हथियार का लाइसेंस लेने से पहले मनोवैज्ञानिक परीक्षण से गुजरना पड़ता है।

हालांकि, जर्मनी में इस तरह की घटनाएं बहुत कम होती हैं। इससे पहले मार्च 2023 में हैम्बर्ग शहर में एक व्यक्ति ने प्रार्थना सभा के दौरान छह लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसने खुद को भी गोली मार ली थी।

फिलहाल स्टेडे गोलीकांड की जांच जारी है और पुलिस घटना के पीछे की मंशा तथा दोनों गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका का पता लगाने में जुटी हुई है।