
India Israel FTA (AI Generated Image)
India Israel FTA: अमेरिका के साथ व्यापार समझौते की दिशा में बढ़ने के बाद भारत अब इजरायल के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) को अंतिम रूप देने की तैयारी में है। दोनों देशों के बीच बातचीत अंतिम चरण में बताई जा रही है और अगले दो–तीन माह में औपचारिक निर्णय संभव है। संकेत हैं कि समझौते के बाद उच्चस्तरीय राजनीतिक दौरा भी हो सकता है। वैश्विक अनिश्चितता और बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच भारत अपने व्यापारिक व सामरिक साझेदारों का दायरा तेजी से बढ़ा रहा है और इजरायल के साथ संभावित डील को इसी रणनीति का अहम कदम माना जा रहा है।
संभावित डील में रक्षा क्षेत्र प्रमुख रहेगा, क्योंकि इजरायल पहले से भारत का अहम रक्षा सहयोगी है। इसके अलावा लॉजिस्टिक्स, हाई-टेक्नोलॉजी, कृषि नवाचार और संवेदनशील तकनीकों के संयुक्त विकास पर भी बातचीत आगे बढ़ी है। नई दिल्ली में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार पहले सकारात्मक संकेत दे चुके हैं। बीते एक वर्ष में 50 से अधिक देशों के साथ भारत की व्यापार वार्ता इसी व्यापक रणनीति का हिस्सा है।
इजरायल के अलावा फ्रांस और यूनाइटेड किंगडम के साथ भी भारत की ट्रेड वार्ता सकारात्मक चरण में है। वर्तमान में भारत–इजरायल द्विपक्षीय व्यापार करीब 3.75 अरब डॉलर है, जो पहले 10 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है।
Updated on:
18 Feb 2026 06:20 am
Published on:
18 Feb 2026 06:20 am
