
Iran Israel War: मिसाइल हमले के बाद अराद में हालात का निरीक्षण करते इजरायली राष्ट्रपति। (Image: IANS)
Iran Israel War Latest News: ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव के बीच दक्षिणी इजरायल के अराद शहर में हुए मिसाइल हमले ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। हमले के बाद इजरायल के राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने प्रभावित इलाके का दौरा किया और इसे क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान की ओर से दागी गई मिसाइलों में से एक ने अराद शहर में व्यापक नुकसान पहुंचाया है। घटनास्थल पर पहुंचकर राष्ट्रपति हर्ज़ोग ने तबाही का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले यह दिखाते हैं कि ईरान अपनी सैन्य क्षमताओं का सक्रिय रूप से इस्तेमाल कर रहा है।
राष्ट्रपति हर्ज़ोग ने मौके पर कहा कि ईरान की यह क्षमता केवल डराने के लिए नहीं, बल्कि एक वास्तविक खतरा है। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इस तरह के खतरे को रोकना जरूरी है और सांप का फन कुचलना ही होगा।
उनके बयान को इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ बढ़ती सख्ती के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
इजरायली नेतृत्व का कहना है कि ईरान अब लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलों का इस्तेमाल कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हालिया घटनाओं ने यह संकेत दिया है कि ईरान के पास लगभग 4000 किलोमीटर तक मार करने की क्षमता वाली मिसाइलें मौजूद हैं।
इजरायल का दावा है कि ऐसी मिसाइलें न केवल उसके लिए बल्कि यूरोप और अन्य क्षेत्रों के लिए भी खतरा बन सकती हैं।
इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा है कि हाल के ऑपरेशन के दौरान ईरान ने लंबी दूरी की मिसाइल का इस्तेमाल किया, जिसकी मारक क्षमता हजारों किलोमीटर तक हो सकती है। आईडीएफ के अनुसार, यह वैश्विक सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है।
ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते हमलों और जवाबी कार्रवाइयों ने पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ा दी है। विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर हालात नहीं संभले, तो इसका असर व्यापक स्तर पर पड़ सकता है। फिलहाल, दोनों देशों के बीच जारी टकराव ने मध्य पूर्व में सुरक्षा हालात को और जटिल बना दिया है।
Updated on:
22 Mar 2026 10:32 pm
Published on:
22 Mar 2026 10:29 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
US Israel Iran War
