23 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भड़का रूस…यूक्रेन के हमले में 18 की मौत के बाद पुतिन ने दिए जवाबी कार्रवाई के आदेश

Russia-Ukraine War Update: रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन के हमले में कब्जे वाले शहर की एक कॉलेज डॉरमेट्री पर हमला हुआ, जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। इसके बाद राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने जवाबी कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Saurabh Mall

May 23, 2026

Russia-Ukraine Conflict

यूक्रेन के हमले में 18 की मौत, पुतिन ने सैन्य जवाब की दी चेतावनी (इमेज सोर्स: पावेल क्लिमोव/रॉयटर्स)

Russia-Ukraine Conflict: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। रूस ने आरोप लगाया है कि यूक्रेन ने उसके कब्जे वाले पूर्वी लुहान्स्क क्षेत्र के स्टारोबिल्स्क शहर में एक कॉलेज डॉरमेट्री पर ड्रोन हमला किया, जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का गुस्सा खुलकर सामने आया है।

पुतिन ने इस हमले को आतंकवादी कार्रवाई बताते हुए यूक्रेन के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की तैयारी के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने रूस के रक्षा मंत्रालय से कहा है कि हमले का जवाब देने के लिए तुरंत योजना तैयार की जाए।

इस हमले ने पहले से तनावपूर्ण रूस-यूक्रेन युद्ध को और भड़का दिया है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई और तेज हो सकती है, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका है।

यूक्रेनी ड्रोन हमले में मारे गए बच्चे: रूस की सरकारी न्यूज एजेंसी

रूस की सरकारी समाचार एजेंसी ‘TASS’ के मुताबिक, पूर्वी लुहान्स्क क्षेत्र के स्टारोबिल्स्क में हुए यूक्रेनी ड्रोन हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। रूस के इमरजेंसी मंत्रालय ने कहा कि मलबे में अभी भी कुछ लोग फंसे हो सकते हैं। रूस का दावा है कि इस हमले में बच्चे भी मारे गए हैं।

यह हमला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यह इलाका फ्रंट लाइन से काफी दूर है और यहां किसी बड़े सैन्य ठिकाने की जानकारी सामने नहीं आई थी। हालांकि, यूक्रेन ने रूस के आरोपों को खारिज कर दिया है।

यूक्रेनी सेना का क्या है कहना?

यूक्रेनी सेना का कहना है कि वह सिर्फ सैन्य ठिकानों और सेना से जुड़ी सुविधाओं को निशाना बनाती है। यूक्रेन ने दावा किया कि स्टारोबिल्स्क इलाके में उसने रूसी “रूबिकॉन” यूनिट के मुख्यालय पर हमला किया था।

रूबिकॉन सेंटर रूस की एडवांस ड्रोन टेक्नोलॉजी से जुड़ा अहम सैन्य केंद्र माना जाता है। हाल के हफ्तों में यूक्रेन ने लंबी दूरी के ड्रोन हमले बढ़ा दिए हैं। इससे पहले स्निज़्ने शहर में एक रूसी ड्रोन ट्रेनिंग कैंप पर हमले का दावा भी किया गया था, जिसमें कई कैडेट और एक इंस्ट्रक्टर के मारे जाने की बात कही गई थी।

जेलेंस्की का दावा

यूक्रेन के प्रेसिडेंट जेलेंस्की ने दावा किया है कि यूक्रेन ने कब्जे वाले खेरसॉन इलाके में रूसी सुरक्षा सेवा के मुख्यालय और एक एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाया। उनके मुताबिक इस हमले में करीब 100 रूसी सैनिक मारे गए या घायल हुए। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

यूक्रेन लगातार ऐसे ड्रोन हमले बढ़ा रहा है, जो रूस के अंदर तक जाकर सैन्य और ऊर्जा ठिकानों को निशाना बना सकते हैं।

जेलेंस्की ने यह भी कहा कि यूक्रेन ने रूस के अंदर करीब 1,700 किलोमीटर दूर इलाके में एक बड़े केमिकल प्लांट पर हमला किया। उनका दावा है कि यह प्लांट रूसी सेना को जरूरी सामान सप्लाई करता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें प्लांट से धुआं उठता दिखाई दे रहा है।