5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Israeli airstrike Gaza Strip: ईरान युद्ध के बीच गाजा में इजरायल का बड़ा हमला, एयरस्ट्राइक से मचा कोहराम; 4 की मौत

Israel Hamas conflict: उत्तर गाजा में इजरायली हवाई हमले में 4 फिलिस्तीनियों की मौत, संघर्षविराम उल्लंघन पर हमास-इजरायल में आरोप-प्रत्यारोप और निरस्त्रीकरण मुद्दे पर शांति वार्ता अटकी।

2 min read
Google source verification
Israel air force

इजरायल वायुसेना के हमले में 4 फिलिस्तिनियों की मौत। ( File Photo - IANS)

Israel airstrike kills four Palestinians: पश्चिम एशिया में ईरान को लेकर अमेरिका और इजरायल के बीच जारी तनाव पर दुनिया का ध्यान केंद्रित है। इसी बीच, इजरायल की वायुसेना ने रविवार को उत्तर गाजा पट्टी में हवाई हमला किया, जिसमें चार फिलिस्तीनियों की मौत हो गई।चिकित्साकर्मियों के अनुसार, यह हवाई हमला गाजा शहर के पास जाफा स्ट्रीट में लोगों के एक समूह को निशाना बनाकर किया गया। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हालांकि, इजरायली सेना की ओर से इस हमले को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।

संघर्षविराम उल्लंघन को लेकर आरोप-प्रत्यारोप

उधर, फिलिस्तीनी उग्रवादी संगठन हमास और इजरायल ने पिछले अक्टूबर में हुए संघर्षविराम के उल्लंघन को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। यह संघर्षविराम दो वर्षों से जारी भीषण युद्ध को रोकने के लिए किया गया था, लेकिन इसके बावजूद तनाव लगातार बना हुआ है।

‘इजरायली गोलीबारी में 700 लोगों की मौत’

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि संघर्षविराम लागू होने के बाद से अब तक इजरायली गोलीबारी में कम से कम 700 लोगों की मौत हो चुकी है। दूसरी ओर, इजरायल का दावा है कि इसी अवधि में गाजा के उग्रवादियों द्वारा उसके चार सैनिक मारे गए हैं।

हमास का निरस्त्रीकरण बना सबसे बड़ी बाधा

इस बीच, हमास के निरस्त्रीकरण का मुद्दा शांति वार्ता में सबसे बड़ी बाधा बनकर उभरा है। मिस्र के विभिन्न सूत्रों और एक फिलिस्तीनी अधिकारी के अनुसार, पिछले सप्ताह काहिरा में हमास के एक प्रतिनिधिमंडल ने मिस्र, कतर और तुर्की के मध्यस्थों से मुलाकात की। इस बैठक का उद्देश्य हमास के सामने रखे गए निरस्त्रीकरण प्रस्ताव पर अपनी प्रारंभिक प्रतिक्रिया देना था।

सूत्रों के मुताबिक, हमास ने स्पष्ट कर दिया है कि वह तब तक अपने हथियार छोड़ने पर विचार नहीं करेगा, जब तक उसे यह ठोस आश्वासन नहीं मिल जाता कि इजरायल पूरी तरह से गाजा से अपनी सेना हटा लेगा। यह शर्त अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ‘बोर्ड ऑफ पीस’ योजना में भी शामिल बताई जा रही है।

फिलिस्तीनी क्षेत्रों में शांति बहाल करने और संघर्षविराम को स्थायी बनाने के लिए जारी वार्ताओं में हमास का निरस्त्रीकरण एक जटिल और संवेदनशील मुद्दा बना हुआ है, जिसके समाधान के बिना स्थायी शांति की उम्मीद फिलहाल कठिन नजर आती है।