
Destroyed school in Gaza (Photo - Washington Post)
इज़रायल (Israel) और हमास (Hamas) के बीच 7 अक्टूबर 2023 से चल रही जंग रुकने का नाम नहीं ले रही है। इज़रायली सेना लगातार गाज़ा पर हमले कर रही है, जिनमें हर दिन कई फिलिस्तीनी मारे जा रहे हैं। गाज़ा सिटी के करीब 40% हिस्से पर इज़रायली सेना ने कब्ज़ा कर लिया है और तेज़ी से आगे बढ़ रही है। इस जंग की वजह से अब तक करीब 64 हज़ार फिलिस्तीनी मारे जा चुके हैं, जिनमें 18 हज़ार से ज़्यादा बच्चे हैं।
गाज़ा में चल रही जंग की वजह से बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। इज़रायली हमलों की मार सिर्फ घरों, इमारतों, अस्पतालों पर ही नहीं, बल्कि स्कूलों पर भी हो रही है।
फिलिस्तीनी शिक्षा मंत्रालय ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। हाल ही में सामने आई एक रिपोर्ट के अनुसार गाज़ा में इज़रायली हमलों की वजह से अब तक 307 में से 293 स्कूल पूरी तरह या काफी हद तक तबाह हो गए हैं। जो स्कूल पूरी तरह से तबाह नहीं हुए हैं, उनमें बहुत ज़्यादा मरम्मत कराने की ज़रूरत है।
इज़रायल और हमास के बीच चल रही इस जंग का बच्चों की शिक्षा पर बुरा असर पड़ रहा है। ज़्यादातर स्कूलों के तबाह होने की वजह से बच्चों को टेंट में पढ़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
जंग के चलते गाज़ा में सभी की जान पर खतरा मंडरा रहा है। लेकिन इस खतरे के बावजूद गाज़ा के कई शिक्षक, अपनी जान को जोखिम में डालकर बच्चों को शिक्षा दे रहे हैं। गाज़ा के ये शिक्षक नहीं चाहते कि फिलिस्तीनी बच्चे अनपढ़ रहे। ऐसे में जंग के बीच भी ये शिक्षक, बच्चों को पढ़ाने का काम कर रहे हैं।
Updated on:
06 Sept 2025 11:47 am
Published on:
06 Sept 2025 11:47 am
