इज़रायल (Israel) और फिलिस्तीनी आतंकी संगठन हमास (Hamas) के बीच युद्ध शुरू होने के बाद से ही ईरान (Iran) और इज़रायल के बीच भी तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। उसके बाद इज़रायल और लेबनान (Lebanon) बेस्ड आतंकी संगठन हिज़बुल्लाह (Hezbollah) के बीच जंग शुरू हुई और उसकी वजह से भी इज़रायल और ईरान के बीच तनाव बढ़ गया। दरअसल ईरान लंबे समय से इज़रायल के खिलाफ इन दोनों आतंकी संगठनों की जमकर मदद करते आया है, लेकिन अब इज़रायली सेना ने हमास और हिज़बुल्लाह की कमर तोड़ दी है। इस वजह से ईरान की इज़रायल के प्रति नाराज़गी भी बढ़ गई।
ईरान ने पिछले साल 1 अक्टूबर को इज़रायल के सैन्य ठिकानों पर मिसाइल अटैक करते हुए 180 से ज़्यादा बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं। हालांकि इज़रायल ने ईरान की कई मिसाइलों को ध्वस्त कर दिया था। ईरान से बदला लेने के लिए इज़रायल ने 26 अक्टूबर को ईरान की राजधानी तेहरान (Tehran) और आसपास के सैन्य ठिकानों पर मिसाइलें दागते हुए उसका बदला ले लिया था। इज़रायली सेना के हमलों में ईरान के 2 सैनिकों की भी मौत हो गई थी। अब इज़रायल ने कुछ ऐसा किया है जिससे ईरान को बड़ा झटका लगा है।