
IDF ने हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमला किया (सांकेतिक इमेज- IANS)
इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने रविवार को दक्षिणी लेबनान में कई जगहों पर हमला किया। इजरायली सैनिकों ने दक्षिणी लेबनान में 7 गांवों के लोगों को तुरंत जगह खाली करने की चेतावनी दी है। IDF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इसकी जानकारी दी है।
इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर बताया कि उन्होंने ऐसे सैन्य ठिकानों और लॉन्चरों को निशाना बनाया, जो आतंकी संगठन हिजबुल्लाह की ओर से हमलों की तैयारी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे थे। इजरायली सेना के प्रवक्ता अविचाई अद्राई ने मेफदोन, शुकिन, याहमार, अरनौन, जोतेर शर्किया, जोतेर गर्बिया और काफ्र तिबनित गांवों के लोगों को तुरंत वहां से निकलने के लिए कहा है।
अविचाई अद्राई ने बताया कि हिजबुल्लाह की ओर से युद्ध विराम समझौते का उल्लंघन करने के कारण सेना को मजबूरन सख्त कार्रवाई करनी पड़ रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अपने घर छोड़ दें और बताए गए इलाके से कम से कम 1000 मीटर दूर रहें। IDF ने साफ किया कि जिन इमारतों पर हमला किया गया, उनका इस्तेमाल हिजबुल्लाह इजरायल और उसकी सेना के खिलाफ हमलों की योजना बनाने के लिए कर रहा था।
अविचाई अद्राई के मुताबिक, हिजबुल्लाह ने दक्षिणी लेबनान में IDF बलों की ओर 2 विस्फोटक ड्रोन भेजे, लेकिन दोनों खुले इलाके में गिर गए। इन ड्रोन हमलों से किसी को नुकसान नहीं हुआ। हिजबुल्ला के हमलों के जवाब में IDF ने कार्रवाई की है। IDF ने हिजबुल्लाह के हमलों को युद्ध विराम का उल्लंघन बताया है।
IDF ने कहा- हम इजरायल के नागरिकों और अपनी सेना की सुरक्षा के लिए हर खतरे के खिलाफ मजबूती से कार्रवाई करते रहेंगे। यह सब सरकार के निर्देशों के अनुसार किया जा रहा है। शनिवार को भी IDF ने बताया था कि दक्षिणी लेबनान में उनकी 146वीं डिवीजन को हिजबुल्लाह का एंटी-टैंक मिसाइलों का जखीरा मिला था।
इसके अलावा इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह की 'रदवान फोर्स' यूनिट से जुड़ी इमारतों और एक गोदाम पर भी हमला किया, जहां हथियार और सैन्य सामान रखा गया था। इजरायल की वायुसेना ने लेबनान की तरफ से आए एक संदिग्ध हवाई लक्ष्य को मार गिराया, जिसके बाद देश के उत्तरी इलाकों में अलर्ट जारी किया गया था। IDF ने बताया कि उन्होंने दिर अल-जहरानी, कफर रेमान और अल-सामिया इलाकों में हिजबुल्लाह के लॉन्चरों को निशाना बनाया, जो दक्षिणी लेबनान में अग्रिम रक्षा रेखा के उत्तर में स्थित हैं।
Updated on:
26 Apr 2026 11:36 pm
Published on:
26 Apr 2026 11:06 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
US Israel Iran War
