31 दिसंबर 2025,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

icon

प्लस

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Happy New Year: धूमधड़ाके के साथ स्वागत: Myanmar ने हटाया कर्फ्यू; Sydney में दो साल पहले जैसी आतिशबाजी

दुनिया भर के देशों ने आर्थिक संकट, चीन में नए कोविड बदलावों की आशंकाओं और यूक्रेन में संघर्ष की राजनीतिक पृष्ठभूमि के बीच नए साल का धूमधड़ाके साथ स्वागत किया। महामारी के बाद पहली बार दुनिया के कई शहरों ने बिना किसी प्रतिबंध के आतिशबाजी और बड़े सार्वजनिक समारोहों की मेजबानी की। प्रशांत देश किरिबाती नए साल की बधाई देने वाला पहला देश बना, जिसकी घड़ी 2023 में न्यूजीलैंड सहित पड़ोसियों से एक घंटे आगे चल रही है।

3 min read
Google source verification
sydney1.jpg

Fireworks over the Sydney Opera House and Harbour Bridge.

भारत में मुंबईकर दो साल के अंतराल के बाद शनिवार को बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकले और नए साल की पूर्व संध्या को खुशी के साथ मनाया। शाम ढलते ही हजारों लोग दक्षिण मुंबई में गेटवे ऑफ इंडिया, मरीन ड्राइव और गिरगांव चौपाटी समुद्र तट पर जमा हो गए। वहीं, नए साल की पूर्व संध्या पर कनॉट प्लेस और इंडिया गेट सहित मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात जाम देखा गया। देशभर में करीब दो साल बाद नए साल का ऐसा जश्न देखने को मिला।

ऑस्ट्रेलिया: दो सालो में पहली बार दिखा यह जलवा
ऑस्ट्रेलिया ने दो साल के कोविड व्यवधानों के बाद अपने पहले प्रतिबंध-मुक्त नव वर्ष का आनंद लिया। जिसमें सिडनी के बंदरगाह में पारंपरिक आतिशबाजी के प्रदर्शन को देखने दस लाख से अधिक लोग जुटे थे। 2020 के अंत में लॉकडाउन और 2021 के अंत में ओमिक्रॉन मामलों में उछाल के कारण प्रतिबंधों के चलते उत्सव कम हो गए थे। इस बार सिडनी ओपेरा हाउस और सिडनी बंदरगाह को इंद्रधनुषी रंग से जगमगाया और जमकर आतिशबाजी की गई। सिडनी को 'न्यू ईयर कैपिटल' भी कहा जाता है।

ब्रिटेन:तूफानी बारिश के बावजूद टेम्स नदी पर जुटे हजारों
ब्रिटेन के लंदन में टेम्स नदी के तटबंध पर आधी रात को तूफानी बारिश के बावजूद हजारों लोग नए साल के जश्न के लिए जुटे। लाइट शो में आतिशबाजी और लाइट शो में दिवंगत महारानी एलिज़ाबेथ द्वितीय की मृत्यु से लेकर किंग चार्ल्स III के पदभार संभालने को ड्रोन शो से दिखाया गया। शो में यूक्रेन में संघर्ष, यूरोपीय चैंपियनशिप जीतने वाली इंग्लैंड की महिला फुटबॉल टीम को भी दिखाया गया।

रूस-यूक्रेन: यूक्रेन में बम धमाकों के बीच मना नया साल
कीव और अन्य प्रमुख यूक्रेनी शहरों में एक पूरी तरह से अलग कहानी थी, जहां 11 बजे के बाद वाले कर्फ्यू ने पहले ही बड़ी पार्टियों को रोक दिया था, हवाई हमले के अलर्ट और रूसी हमलों के विस्फोटों ने 2023 के पहले कुछ घंटों में गड़बड़ी की। इससे पहले शाम को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने एक टीवी संबोधन में कहा, हमारा एकमात्र विकल्प लड़ना है। वहीं, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने नए साल के संबोधन को यूक्रेन में लड़ रहे अपने सैनिकों की हौसल अफजाई के नाम किया। रेड स्क्वायर पर आतिशबाजी के बिना, मॉस्को में उत्सव फीका ही रहा।

चीन:छोड़े गुब्बारे, अपनों की सलामती की दुआ
चीन में, मध्य वुहान में हजारों की संख्या में लोग इकट्ठे हुए। वुहान से ही तीन साल पहले महामारी शुरू हुई थी, अपने दोस्तों के साथ सेल्फी लेने से पहले कई लोगों ने आधी रात को आसमान में गुब्बारे छोड़े। कुछ लोग फैंसी ड्रेस में आए थे और लगभग सभी ने मास्क पहन रखा था क्योंकि देश में कोविड की लहर देखी जा रही है। प्रतिबंधों के हटने के बाद आबादी का बड़ा हिस्सा संक्रमित हो चुका है। ब्रिटेन की हेल्थ डाटा फर्म के अनुसार चीन में कोरोना से अब अनुमानित मौतें 9,000 प्रति दिन तक पहुंच गई हैं। पुलिस ने कई स्थानों पर लाउडस्पीकरों से इकट्ठा न होने का संदेश प्रसारित किया, जिस पर लोगों ने बहुत कम या कोई ध्यान नहीं दिया।


अमेरिका:टाइम्स स्क्वॉयर पर बॉल ड्रॉपिंग
अमेरिका के न्यूयॉर्क में टाइम्स स्क्वायर में स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे लोग इकट्ठा होने लगे। पिछले साल कोविड प्रतिबंधों के चलते लगभग 2,700 वॉटरफोर्ड क्रिस्टल के साथ छह टन की बॉल की पारंपरिक ड्रॉपिंग देखने के लिए टाइम्स स्क्वायर में सामान्य 60,000 दर्शकों में से केवल 15,000 उपस्थित थे। इस बार बिना प्रतिबंध यह जश्न मनाया गया। टाइम्स स्क्वायर बॉल न्यूयॉर्क शहर के टाइम्स स्क्वायर में स्थित एक टाइम बॉल है। वन टाइम्स स्क्वायर की छत पर बॉल टाइम्स स्क्वायर में नए साल की पूर्व संध्या के उत्सव का एक प्रमुख हिस्सा है, जिसे आमतौर पर बॉल ड्रॉप कहा जाता है, जहां गेंद रात 11:59:00 बजे शुरू होकर विशेष रूप से डिजाइन किए गए फ्लैगपोल से नीचे उतरती है।


म्यांमार: सैन्य शासन ने हटाया चार घंटे कर्फ्यू

सैन्य शासित म्यांमार के अधिकारियों ने तीन सबसे बड़े शहरों में नए साल का जश्न मनाने के लिए सामान्य चार घंटे के कर्फ्यू को स्थगित करने की घोषणा की, लेकिन सेना के शासन के विरोधी आशंकित ही रहे। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक लीक आधिकारिक पत्र में कहा गया है कि यांगून क्षेत्रीय सरकार एक रात के लिए आधी रात से सुबह 4 बजे तक कर्फ्यू हटा रही है। शहर के पीपुल्स पार्क में आतिशबाजी और संगीत के साथ नए साल की उलटी गिनती की गई।


फ्रांस:
पेरिस में आतिशबाजी, पांच लाख लोग बने गवाह
पेरिस ने 2019 के बाद से 10 मिनट के शो के साथ अपने पहले नए साल की आतिशबाजी का मंचन किया। बताया गया कि इसे देखने के लिए 5,00,000 लोग चैंप्स-एलिसीस पर एकत्र हुए थे।