
नॉर्थ कोरिया ने किया मिसाइल परीक्षण (Photo-IANS)
North Korea Missile Launch: अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के कारण मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ रहा है। इसी बीच पूर्वी एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ता दिख रहा है। रविवार को उत्तर कोरिया ने कई बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण किया, जिसके बाद जापान और दक्षिण कोरिया में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं मिसाइल लांच की खबर के बाद जापान ने अपनी शीर्ष स्तरीय संकट प्रबंधन व्यवस्था को सक्रिय कर दिया।
इसको लेकर जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि सुबह करीब 6 बजे उत्तर कोरिया से कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं।
उन्होंने बताया कि ये मिसाइलें जापान के विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) के बाहर गिर चुकी हैं और इस पूरे घटनाक्रम पर जापान, अमेरिका और दक्षिण कोरिया मिलकर निगरानी कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार मिसाइलें उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय शहर सिनपो से सुबह करीब 6:10 बजे (स्थानीय समय) दागी गईं। नॉर्थ कोरिया द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलों का परीक्षण करने के बाद दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद (NSC) की आपत्ति बैठक बुलाने का फैसला किया है, जिसमें इस स्थिति पर चर्चा की जाएगी।
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन पहले ही कह चुके हैं कि उनका देश परमाणु शक्ति बना रहेगा और आत्मरक्षा के लिए परमाणु क्षमता को और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार ये परीक्षण संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के उन समझौतों का उल्लंघन है, जिनमें उत्तर कोरिया को बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
इससे पहले अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रमुख राफेल ग्रॉसी ने चेतावनी दी थी कि उत्तर कोरिया अपने परमाणु कार्यक्रम में बहुत गंभीर प्रगति कर चुका है। रिपोर्ट के अनुसार, देश में एक नया यूरेनियम आधारित संयंत्र भी जोड़ा गया है।
बता दें कि इस साल यह उत्तर कोरिया का सातवां मिसाइल परीक्षण है। अप्रैल महीने में ही चौथा परीक्षण किया गया है। हाल ही में किम जोंग उन ने मिसाइल परीक्षणों की खुद निगरानी की थी। देश ने क्लस्टर-बम वारहेड से लैस मिसाइलों और नए हथियार सिस्टम का भी परीक्षण किया है।
Published on:
19 Apr 2026 11:08 am
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
