
Pakistan Petrol Price Hike
Pakistan Petrol Price Hike: अमेरिका-ईरान युद्ध और होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान की नाकाबंदी के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आने के बाद पाकिस्तान में तेल संकट गहरा गया है। इस संकट से निपटने और आम लोगों को राहत देने के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। इस्लामाबाद में अगले 30 दिनों तक सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट को आम जनता के लिए फ्री कर दिया गया है। यह सुविधा शनिवार से शुरू होगी।
आंतरिक मामलों के मंत्री मोहसिन नकवी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के निर्देश पर इस्लामाबाद में सभी पब्लिक ट्रांसपोर्ट को आम जनता के लिए अगले 30 दिनों तक फ्री कर दिया गया है। यह सुविधा कल यानी शनिवार से लागू होगी।' नकवी ने कहा कि इस राहत योजना का खर्च आंतरिक मंत्रालय वहन करेगा, जिसकी अनुमानित लागत 35 करोड़ पाकिस्तानी रुपये है। पोस्ट के अंत में उन्होंने ट्रंप स्टाइल में लिखा — 'थैंक यू फॉर योर अटेंशन टू दिस मैटर।'
यह ऐलान ऐसे समय में किया गया है जब पाकिस्तान सरकार ने शुक्रवार को ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी। अब एक लीटर पेट्रोल 458 पाकिस्तानी रुपये और डीजल 520 रुपये में मिल रहा है। केरोसिन ऑयल भी 457 रुपये प्रति लीटर हो गया है। ईरान संकट शुरू होने के बाद 6 मार्च को पहले 55 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी की गई थी। कुल मिलाकर 28 दिनों में पेट्रोल पर 192 रुपये और डीजल पर 239 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है।
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर नाकाबंदी लगाई होने के कारण कई देशों के तेल टैंकर खाड़ी में फंस गए हैं। चीन और भारत जैसे बड़े देशों के पास तेल का पर्याप्त स्टॉक है, लेकिन पाकिस्तान के पास स्टॉक लगभग खत्म हो चुका है। इससे पेट्रोल-डीजल की खपत पर अंकुश लगाने की जरूरत महसूस की गई। सरकार चाहती है कि लोग अपनी निजी गाड़ियों के बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा इस्तेमाल करें, ताकि ईंधन की बचत हो सके।
पिछले महीने पेट्रोल की खपत में 8 प्रतिशत और डीजल की खपत में 13 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, जो ईरान संकट के बीच खतरे की घंटी मानी जा रही है। आर्थिक मामलों के सलाहकार खुर्रम शहजाद ने भी इस बढ़ती खपत पर चिंता जताई थी। बढ़ी हुई कीमतों के कारण कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए और पेट्रोल पंपों पर मोटरसाइकिलों की लंबी कतारें लगीं।
इस फैसले से इस्लामाबाद के दैनिक यात्रियों को तत्काल राहत मिलेगी। पंजाब प्रांत में भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट को फ्री करने की घोषणा की गई है। हालांकि, सिंध प्रांत ने बाइकर्स के लिए 2000 रुपये की सब्सिडी की घोषणा की है। सरकार का कहना है कि यह कदम महंगाई और बढ़ते परिवहन खर्च से जनता को तुरंत राहत पहुंचाने के लिए उठाया गया है।
Published on:
03 Apr 2026 10:05 pm
बड़ी खबरें
View Allविदेश
ट्रेंडिंग
