
PM Modi Israel Visit (Photo - ANI)
पीएम मोदी आज बुधवार से दो दिवसीय इजराइल दौरे के लिए रवाना हो चुके हैं। बीते नौ वर्षों में यह उनकी दूसरी इजराइल यात्रा है। इससे पहले वे जुलाई 2017 में इजराइल गए थे। इस अहम दौरे से पहले भारत के लिए एक अच्छी खबर आई है। दरअसल, दोनों देशों के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर चर्चा शुरू हो चुकी है। आगे चलकर इस समझौते पर औपचारिक मुहर भी लग सकती है। एक आधिकारिक बयान में इसकी पुष्टि की गई है।
बयान में कहा गया है कि वाणिज्यिक संबंधों को मजबूत करने और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दोनों देशों ने मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के लिए बातचीत का पहला दौर शुरू कर दिया है। दोनों देशों ने पिछले वर्ष ही औपचारिक रूप से बातचीत शुरू करने के लिए संदर्भ की शर्तों (Terms of Reference) पर हस्ताक्षर किए थे।
वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के बीच FTA के लिए बातचीत का पहला दौर 23 फरवरी 2026 को नई दिल्ली में शुरू हुआ, जो 26 फरवरी तक चलेगा। इससे पहले दोनों पक्षों के बीच आठ दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अक्टूबर 2021 के बाद यह प्रक्रिया रुक गई थी। अब दोनों देशों ने वार्ता फिर से शुरू कर दी है।
वित्त वर्ष 2024-25 में भारत और इजराइल के बीच आयात-निर्यात में गिरावट दर्ज की गई है। इस अवधि में भारत से इजराइल को होने वाला निर्यात 52 प्रतिशत घटकर 2.14 अरब डॉलर रह गया, जबकि आयात भी 26.2 प्रतिशत कम होकर 1.48 अरब डॉलर पर आ गया।
दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में एक-दूसरे के साथ सहयोग करते रहे हैं। ऐसे में यदि FTA पर मुहर लगती है तो यह दोनों देशों के लिए लाभकारी साबित हो सकता है, खासकर छोटे और मध्यम उद्योगों को अधिक भरोसा और स्थिरता प्रदान करने में।
पीएम मोदी के इजराइल दौरे के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा सौदों पर बातचीत होने की संभावना है। भारत और इजराइल के बीच ड्रोन की खरीद, संयुक्त विनिर्माण (जॉइंट मैन्युफैक्चरिंग) और अन्य बड़े रक्षा समझौतों पर सहमति बन सकती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस वर्ष दोनों देशों के बीच 8.6 अरब डॉलर का रक्षा समझौता हो सकता है। इसमें प्रिसीजन-गाइडेड बम, मिसाइल सिस्टम और एडवांस ड्रोन शामिल हो सकते हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत हैरोन MK-2 MALE ड्रोन खरीदने की योजना बना रहा है। इजराइल, भारत के साथ अपने उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम ‘आयरन डोम’ की तकनीक भी साझा कर सकता है। इजराइल के कॉन्सुल जनरल यानिव रेवाच ने एक इंटरव्यू में इस संबंध में जानकारी दी थी।
Updated on:
25 Feb 2026 09:44 am
Published on:
25 Feb 2026 09:42 am
